छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का खतरा, 5 जिलों में येलो अलर्ट; दंतेवाड़ा में रेड अलर्ट, स्कूल बंद

Weather Update : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है और प्रभावित क्षेत्रों में एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 अक्टूबर को पूर्वी मध्य और उससे लगे पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ सक्रिय था। इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए दंतेवाड़ा जिले में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने मंगलवार को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
बालोद जिले में भी अगले चार दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 27 से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं।
चक्रवाती तूफान के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कोंडागांव और रायगढ़ जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और गरियाबंद में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
