बिलासपुर में बीमा प्लान के बहाने युवती को लॉज ले गया रैपिडो ड्राइवर, कमरे में बंद कर किया दुष्कर्म; आरोपी फरार

rape

बिलासपुर : बिलासपुर में महिला से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक रैपिडो बाइक चालक ने बीमा पॉलिसी लेने का झांसा देकर युवती को लॉज में बुलाया और कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस घटना के संबंध में लॉज संचालक को भी नोटिस जारी किया है, क्योंकि आरोपी ने कमरा लेते समय अपना पहचान पत्र जमा नहीं कराया था।

जानकारी के मुताबिक, कोरबा जिले की रहने वाली 25 वर्षीय युवती बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। उसका काम लोगों को बीमा पॉलिसी की जानकारी देना और उन्हें ग्राहक बनाना है।

बताया गया कि 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। इस दौरान दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा उसे बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा। सफर के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और उन्होंने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर ले लिया। बातचीत में युवती ने उसे अपने बीमा कंपनी में काम करने की जानकारी भी दी थी।

युवती के मुताबिक, 28 अक्टूबर को अभिषेक ने उसे फोन कर बीमा पॉलिसी के बारे में जानकारी लेने के लिए बुलाया। युवती उसके पास पहुंची और उसे इंश्योरेंस प्लान समझाया। इस दौरान आरोपी ने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की बात कही।

इसके बाद उसने शोरगुल का हवाला देते हुए किसी शांत जगह पर बैठकर बातचीत करने का प्रस्ताव रखा। युवती उसकी बातों में आ गई और उसके साथ चली गई। आरोप है कि आरोपी उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया।

वहां बातचीत के दौरान आरोपी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और वहां से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी रैपिडो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन जानकारी मिली कि परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया है। फिलहाल पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

मामले में लॉज प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। टीआई सनिप रात्रे के अनुसार, युवती ने शिकायत में बताया कि लॉज में उसका पहचान पत्र जमा कराया गया था, लेकिन आरोपी से कोई आईडी नहीं ली गई।

पूछताछ में लॉज संचालक ने बताया कि आरोपी स्थानीय निवासी था, इसलिए उससे पहचान पत्र नहीं लिया गया। पुलिस ने इस मामले में लॉज संचालक को नोटिस जारी किया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स