प्रेमी पर युवती ने फेंका एसिड, गंभीर रूप से झुलसा युवक; बिना दस्तावेज एसिड बेचने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा : जिले के चांपा में प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। विवाद के बाद एक युवती ने अपने प्रेमी पर एसिड फेंक दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बिना जरूरी दस्तावेजों के एसिड बेचने वाले दुकानदार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित संतोष सोनी ने 28 अक्टूबर को चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि युवती के साथ प्रेम संबंध के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद युवती ने उस पर एसिड से हमला कर दिया। एसिड गिरने से संतोष के दाहिने हाथ, भुजा और कलाई में जलने की गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी युवती की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती ने शौचालय की सफाई करने के लिए एक दुकान से एसिड खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने एसिड बेचने वाले दुकानदार से बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने सदर बाजार, चांपा निवासी 70 वर्षीय दुकानदार मोहम्मद हुसैन बोहरा के खिलाफ BNS की धारा 287 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद चांपा पुलिस ने क्षेत्र के दुकानदारों को एसिड और अन्य ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री को लेकर सख्त चेतावनी दी है। पुलिस ने कहा है कि निर्धारित नियमों और जरूरी दस्तावेजों का पालन किए बिना ऐसे पदार्थों की बिक्री नहीं की जानी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
