छत्तीसगढ़ में छात्रवृत्ति परीक्षा की तारीख बदली, अब 12 दिसंबर की जगह 3 जनवरी 2027 को होगा एग्जाम

रायपुर : छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा 2026-27 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा की निर्धारित तारीख में बदलाव कर दिया है। पहले यह परीक्षा 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर 3 जनवरी 2027 कर दिया गया है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
मंडल ने पहले राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए 12 दिसंबर 2026 की तारीख निर्धारित की थी। इसी दौरान केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से CTET परीक्षा का आयोजन भी प्रस्तावित था। यह परीक्षा 12 और 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित होनी थी।
दोनों परीक्षाओं की तारीख एक होने से परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता और व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका थी। विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो और परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके, इसे देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा की तारीख में बदलाव करने का निर्णय लिया।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से जारी नई अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा अब रविवार, 3 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा निर्धारित केंद्रों पर ही संपन्न होगी।
परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी और अभिभावक नई तारीख को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें।
