सुकमा में शराब तस्करी का भंडाफोड़, मारुति ईको से 48.740 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त; आंध्र प्रदेश का युवक गिरफ्तार

whatsapp-image-2026-11-04-at-2.11.32-pm-(1)

सुकमा : सुकमा जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ‘आगाज’ के तहत छिंदगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर घेराबंदी कर एक मारुति ईको कार से अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की है। तस्कर शराब को बोरियों और झोलों में छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को छिंदगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुकमा की ओर से आ रही मारुति ईको कार क्रमांक AP-39-WP-5611 में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की योजना बनाई।

सहायक उपनिरीक्षक अनंतज्ञानी मेश्राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में छिंदगढ़ थाने के सामने नेशनल हाईवे-30 पर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए नंबर की मारुति ईको कार वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो अंदर बोरियों और झोलों में छिपाकर रखी गई शराब और बीयर की खेप मिली।

वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की शराब जब्त की। इसमें रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 35 पौवा (6.300 लीटर), जम्मू व्हिस्की के 48 पौवा (8.640 लीटर) और सींबा प्रीमियम बीयर की 52 बोतलें (33.800 लीटर) शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, जब्त शराब और बीयर की कुल मात्रा 48.740 बल्क लीटर है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 23,680 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति ईको कार को भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान शेख चिन्ना (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम जग्गम पालेम, थाना रम्पाचौड़ावरम, जिला ईस्ट गोदावरी (आंध्र प्रदेश) का रहने वाला है। वर्तमान में वह सुकमा जिले के छिंदगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रोकेल में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे अवैध शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

छिंदगढ़ पुलिस ने आरोपी शेख चिन्ना के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अभियान ‘आगाज’ के तहत जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।