महादेव सट्टा एप के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की CBI रिमांड मंजूर, दिल्ली मुख्यालय में होगी पूछताछ

mahadev satta

रायपुर : महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने बुधवार को उसे 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। कोर्ट ने CBI को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी दे दी है। अब जांच एजेंसी दिल्ली में उससे पूछताछ करेगी।

अदालत से रिमांड मंजूर होने के बाद महादेव सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच में तेजी आने की उम्मीद है। CBI सौरभ से एप के संचालन, कथित सट्टेबाजी कारोबार, वित्तीय लेन-देन और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

सौरभ चंद्राकर को हाल ही में ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद CBI उसे दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची, जहां बुधवार को विशेष अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने उसकी गिरफ्तारी की वैधता और प्रत्यर्पण से जुड़ी शर्तों पर सवाल उठाए। वहीं, CBI ने मामले की गंभीरता और विस्तृत पूछताछ की आवश्यकता बताते हुए कस्टोडियल रिमांड की मांग की।

कोर्ट ने CBI की मांग स्वीकार करते हुए 8 दिन की रिमांड मंजूर कर दी। साथ ही उसे दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय ले जाने की अनुमति भी दी गई है। यहां पूछताछ CCTV कैमरों की निगरानी में होगी। अदालत ने सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के दौरान शाम के समय अपने वकील से मुलाकात करने की अनुमति भी दी है।

करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन, हवाला के जरिए रकम के कथित हस्तांतरण और संरक्षण राशि से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

CBI यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस पूरे सिंडिकेट में कौन-कौन लोग शामिल थे और विदेशों से नेटवर्क का संचालन किस तरह किया जा रहा था। माना जा रहा है कि सौरभ से पूछताछ के दौरान नेटवर्क से जुड़े कई अहम लोगों और वित्तीय लेन-देन के बारे में नई जानकारियां सामने आ सकती हैं। हालांकि, जांच के आगे बढ़ने और पूछताछ पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।