श्मशान घाट पर तंत्र-मंत्र का आरोप, चिता से हड्डियां निकालने के शक में बाबा की बेरहमी से पिटाई

jadu tona

बिलासपुर : बिलासपुर में श्मशान घाट पर कथित तंत्र-मंत्र और चिता से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। एक महिला के अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट पहुंचे बाबा शिवराम साहू पर चिता से हड्डियां निकालने और तांत्रिक क्रियाएं करने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने बाबा को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हमले में बाबा के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि हाथ की हड्डी टूटने की बात सामने आई है।

पूरा मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव की रहने वाली अनिता यादव ने 1 नवंबर को आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने उसी दिन उनका अंतिम संस्कार कर दिया था। अंतिम संस्कार के बाद सभी लोग अपने घर लौट गए।

आरोप है कि रात के समय शिवराम साहू कुछ अन्य लोगों के साथ श्मशान घाट पहुंचा। वहां चिता के पास बैठकर शराब पीने और कथित तंत्र-मंत्र करने की गतिविधियां की जा रही थीं। इसी दौरान मृतका के परिजन चिता की स्थिति देखने श्मशान पहुंचे। वहां तीन-चार लोगों को बैठा देखकर उन्हें संदेह हुआ।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि चिता से सिर और कुछ हड्डियां गायब थीं। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति यह दावा करता सुनाई दे रहा है कि बाबा मंत्र पढ़ते हुए चिता पर शराब की बूंदें डाल रहा था।

बुजुर्ग के अनुसार, उसे चावल और शराब लाने के लिए कहा गया था। उसने यह भी आरोप लगाया कि चिता से हड्डियां बाबा ने ही निकाली थीं। हालांकि, हड्डियां कहां रखी गईं, इसकी जानकारी उसे नहीं है। दूसरी ओर, शिवराम साहू ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह केवल वहां बैठा था और उसका किसी भी तरह की गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।

चिता से छेड़छाड़ और तंत्र-मंत्र के आरोपों को लेकर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि मृतका के पति समेत कुछ लोगों ने शिवराम साहू को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग बाबा को जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान उसके मुंह से खून निकलता भी नजर आ रहा है। हमले में शिवराम के सिर पर गंभीर चोट आई और हाथ की हड्डी टूट गई। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की शिकायत मिलने के बाद कोनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नितेश यादव (23), राजा यादव (26) और उमेश सिंह ठाकुर (32) के खिलाफ मारपीट के आरोप में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। वहीं, चिता से हड्डियां गायब होने और कथित तांत्रिक गतिविधियों के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल इस मामले में कई सवाल अनसुलझे हैं। श्मशान घाट पर वास्तव में क्या हुआ था? क्या चिता से हड्डियां निकाली गई थीं और इसके पीछे क्या वजह थी? इन सभी सवालों का जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।