छत्तीसगढ़ बनेगा फिल्मों की शूटिंग का नया हब, चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना को लेकर सरकार ने तेज की तैयारी

रायपुर : छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर फिल्म शूटिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार ने अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। प्रदेश की प्राकृतिक खूबसूरती, ऐतिहासिक धरोहर, समृद्ध संस्कृति और पर्यटन स्थलों को फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इसी कड़ी में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को बढ़ाने, नए शूटिंग स्थलों की पहचान करने और फिल्म निर्माताओं को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग के लिए व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। यहां के प्राकृतिक दृश्य, ऐतिहासिक स्थल, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन केंद्र फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में नए शूटिंग स्थलों की पहचान करने और उन्हें विकसित करने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्य की मौजूदा फिल्म नीति को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा लंबे समय से प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना को जमीन पर उतारने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सरकार का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं को शूटिंग की अनुमति सहित अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आसानी उपलब्ध कराना है, ताकि देश की अधिक से अधिक फिल्म निर्माण कंपनियां छत्तीसगढ़ का रुख करें।
सरकार का मानना है कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, युवाओं और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे प्रदेश की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण के साथ खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं और प्रशिक्षण के विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
