रायपुर में बुलेट चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार; 7 बुलेट सहित 13 वाहन जब्त

giraftar,jpeg

रायपुर। राजधानी रायपुर में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 7 बुलेट समेत कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन अन्य दोपहिया वाहन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर को विशेष टीम थाना डीडी नगर क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक बुलेट सवार युवक पर पड़ी, जिसकी बाइक में पीछे की नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन को रुकवाया और जांच शुरू की। बाइक के आगे नंबर प्लेट लगी हुई थी, लेकिन चालक वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम दीप छाबड़िया निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर बताया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बुलेट चोरी की होने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि अपने साथियों रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले और कृष्ण कुमार सिंह के साथ मिलकर थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र से बाइक चोरी की थी।

इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया। इनमें रूद्राक्ष चंद्रवंशी, शुभम पटले, कृष्ण कुमार सिंह और विधि से संघर्षरत तीन बालक शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रायपुर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घूमकर 13 दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 7 बुलेट सहित कुल 13 चोरी के वाहन बरामद किए। इनकी कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

इसके अलावा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए गए एथर, आई-क्यूब और बर्गमैन स्कूटर भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी संगठित रूप से गिरोह बनाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते थे और खासतौर पर बुलेट समेत अन्य दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे।

गिरोह के सदस्य पहले वाहनों का लॉक तोड़कर उन्हें चोरी करते थे। इसके बाद एक सदस्य चोरी की बाइक चलाता था, जबकि अन्य सदस्य अपने साथ लाए गए दोपहिया वाहन से पीछे से पैर लगाकर धक्का देते हुए चोरी की बाइक को आगे ले जाते थे। इस तरीके से वे आसानी से वाहनों को मौके से निकाल लेते थे।

चोरी के बाद आरोपी वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट निकाल देते थे या बदल देते थे। इतना ही नहीं, वाहनों पर मौजूद पहचान संबंधी निशानों को मिटाने के साथ कुछ पार्ट्स भी बदल दिए जाते थे, ताकि पुलिस के लिए चोरी के वाहनों की पहचान करना मुश्किल हो जाए।

पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए 13 दोपहिया वाहनों के संबंध में थाना डीडी नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 305 के तहत मामले दर्ज हैं।

जांच में आरोपियों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आने पर प्रकरणों में संगठित अपराध से संबंधित धारा 112 और धारा 3(5) BNS भी जोड़ी गई है। पुलिस अब आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।

  1. दीप छाबड़िया (21 वर्ष), निवासी कल्पतरू कॉलोनी, कोटा रोड, सरस्वती नगर, रायपुर।

  2. रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष), निवासी शांति विहार कॉलोनी, डंगनिया, डीडी नगर, रायपुर।

  3. शुभम पटले (22 वर्ष), निवासी रायपुरा, डीडी नगर, रायपुर।

  4. कृष्ण कुमार सिंह (21 वर्ष), निवासी जेडी कॉम्प्लेक्स के पीछे, कबीर नगर, रायपुर।

  5. विधि से संघर्षरत तीन बालक।