तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर व्यापारी से ऐंठे 2 लाख, झूठे केस में फंसाने का भी बनाया दबाव

बिलासपुर। बिलासपुर में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती ने व्यापारी से हुई जान-पहचान का फायदा उठाकर उसे ब्लैकमेल किया और निजी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर करीब 2 लाख रुपये वसूल लिए। रकम मिलने के बाद भी युवती की मांगें जारी रहीं। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली सीएसपी गगन कुमार (आईपीएस) के अनुसार, खपरगंज कल्लू बाड़ा निवासी सूर्या सोनी (28) ने बुधवार को पुलिस से ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली की शिकायत की थी। व्यापारी ने बताया कि वर्ष 2025 में लोफंदी निवासी प्राची कश्यप (20) उसकी दुकान पर काम करने आई थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और मोबाइल पर बातचीत व चैटिंग शुरू हो गई।
बताया गया कि इस दौरान दोनों ने साथ में कुछ तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। आरोप है कि बाद में युवती ने इन्हीं तस्वीरों को आधार बनाकर व्यापारी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, युवती व्यापारी को उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देती थी। इसके अलावा उसे झूठे मामले में फंसाने की बात कहकर भी डराया जाता था। सामाजिक बदनामी के डर से व्यापारी ने युवती को ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकद के जरिए करीब 2 लाख रुपये दे दिए।
व्यापारी का आरोप है कि करीब 2 लाख रुपये लेने के बाद भी युवती की पैसों की मांग बंद नहीं हुई। वह लगातार फोन कर उससे और रकम मांगती थी। पैसे नहीं देने पर आत्महत्या करने की धमकी भी देती थी। लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक दबाव से परेशान होकर व्यापारी ने आखिरकार पुलिस की मदद लेने का फैसला किया।
शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने लोफंदी निवासी प्राची कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवती को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
