सूरजपुर में 113 करोड़ के साइबर फ्रॉड का खुलासा, 21 राज्यों के 150 खाताधारकों से जुड़ा मामला; दो और आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर। सूरजपुर में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस जांच में एक बैंक खाते के जरिए 113 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इस खाते से हुए लेनदेन का संबंध देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतों से सामने आया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो और आरोपियों अमन पासवान और जिशान खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है।
पुलिस की जांच में पता चला कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच इसी बैंक खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की ठगी की रकम जमा हुई थी। इसके बदले आरोपियों को 13 लाख रुपये कमीशन मिला था। ठगी की रकम निकालने के लिए चेक और एटीएम का इस्तेमाल किया गया। बाद में कमीशन की राशि आरोपियों के बीच बांट दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे वित्तीय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के JCC-TMS पोर्टल से संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। सूरजपुर पुलिस ने विभिन्न बैंकों के खातों की पड़ताल की। इसी दौरान सूरजपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में संचालित एक खाते से देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन का पता चला।
बैंक खाते के KYC दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन नाम से एक संस्था का पंजीयन कराया था। इसी संस्था के नाम पर SBI की सूरजपुर शाखा में बैंक खाता खुलवाया गया था।
जांच में 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतों के आधार पर इस खाते से कुल 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया। इसके बाद सूरजपुर थाने में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के SBI खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। इस रकम के बदले आरोपियों को कुल 13 लाख रुपये कमीशन मिला था।
पुलिस के अनुसार, कमीशन की राशि में से देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख रुपये, अमन पासवान को 2 लाख रुपये और जिशान खान को 2 लाख 50 हजार रुपये मिले थे। आरोपियों ने रकम निकालने के लिए चेक और एटीएम का इस्तेमाल किया। जिशान खान ने चेक और एटीएम के जरिए बैंक से रुपये निकाले थे। पूछताछ में आरोपियों ने कमीशन की रकम खर्च कर देने की बात स्वीकार की है।
मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर अमन पासवान (32), निवासी पंखाजूर, जिला कांकेर और जिशान खान (30), निवासी नावापारा, जिला सूरजपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि साइबर ठगी की रकम किन-किन अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर की गई और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
