डेढ़ लाख की रिश्वत लेते GST की सहायक आयुक्त गिरफ्तार, नाली में फेंकी रकम; ACB ने मध्यस्थ को भी पकड़ा

GST-ACB

कांकेर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने स्क्रैप कारोबारी की गाड़ी छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस मामले में रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले मध्यस्थ इमरान मेमन को भी ACB ने गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान पकड़े जाने के डर से अंचला गिरी और उनके साथी ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी। हालांकि, ACB की टीम ने तत्परता दिखाते हुए पूरी रकम बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद राज्य कर विभाग ने सहायक आयुक्त को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शिकायतकर्ता स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज के अनुसार, 18 नवंबर को उनकी स्क्रैप से लदी गाड़ी को रोक लिया गया था। कारोबारी का दावा है कि वाहन में माल से संबंधित बिल मौजूद थे और उसमें लदे स्क्रैप की कीमत करीब 3 लाख रुपए थी। आरोप है कि सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने गाड़ी छोड़ने के बदले 10 लाख रुपए की पेनल्टी मांगी थी। रकम नहीं देने पर वाहन जब्त करने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।

बाद में कथित तौर पर 2 लाख रुपए में मामला निपटाने की बातचीत हुई, जिसे घटाकर डेढ़ लाख रुपए कर दिया गया। इसमें 50 हजार रुपए पेनल्टी के तौर पर काटने और शेष रकम घर पहुंचकर देने की सहमति बनी थी।

कारोबारी की शिकायत मिलने के बाद जगदलपुर से पहुंची ACB की टीम ने मामले की जांच शुरू की और रिश्वत लेते पकड़ने की योजना बनाई। जांच में इमरान मेमन की भूमिका मध्यस्थ के रूप में सामने आई। शनिवार को जैसे ही इमरान ने डेढ़ लाख रुपए अंचला गिरी को सौंपे, पहले से मौजूद ACB की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

ACB अधिकारी रमेश कुमार मरकाम के मुताबिक, इमरान मेमन रिश्वत की रकम लेकर आया था और उसने यह राशि अधिकारी को सौंपी थी। मामले में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार इमरान मेमन (30) कांकेर के संजयनगर का निवासी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, रिश्वत कांड में गिरफ्तारी के बाद राज्य कर विभाग ने अंचला गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय, जगदलपुर संभाग निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।