JEE Main 2027 और CG Board Exam की तारीखों में हो सकता है टकराव, छात्रों ने की शेड्यूल बदलने की मांग

exam

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए JEE मेन की तैयारी कर रहे छात्रों को अप्रैल में दो महत्वपूर्ण परीक्षाओं का सामना करना पड़ सकता है। आशंका है कि छत्तीसगढ़ बोर्ड और JEE मेन 2027 के दूसरे सेशन की परीक्षाओं की तारीखें आपस में टकरा सकती हैं। इससे विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है।

संभावित कार्यक्रम के अनुसार, JEE मेन 2027 के सेशन-2 की परीक्षा 2 से 7 अप्रैल के बीच आयोजित हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च से 8 अप्रैल तक निर्धारित बताई जा रही हैं। ऐसे में अप्रैल के पहले सप्ताह में दोनों परीक्षाओं के पेपर एक ही दिन पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि 12वीं बोर्ड परीक्षा में 5 अप्रैल को भौतिकी, 6 अप्रैल को कुछ व्यावसायिक विषयों और 7 अप्रैल को क्षेत्रीय भाषाओं के पेपर प्रस्तावित हैं। इसी अवधि में JEE मेन के दूसरे सेशन की परीक्षा भी हो सकती है।

यदि किसी विद्यार्थी की JEE मेन और बोर्ड परीक्षा एक ही तारीख को निर्धारित होती है, तो उसके सामने मुश्किल खड़ी हो सकती है। हालांकि, JEE मेन सेशन-2 का आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम और विद्यार्थियों की शिफ्ट तय होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

छात्रों की परेशानी सिर्फ दो परीक्षाओं की तारीख एक होने तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि लगातार परीक्षाएं होने से दोनों की तैयारी प्रभावित हो सकती है। बोर्ड परीक्षा के लिए जहां उन्हें संबंधित विषयों की पढ़ाई और रिवीजन करना होगा, वहीं JEE मेन के लिए गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

JEE की बेहतर तैयारी के लिए मॉक टेस्ट और पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास भी आवश्यक है। ऐसे में दोनों परीक्षाओं के बीच पर्याप्त समय नहीं मिलने से विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है।

इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए JEE मेन का स्कोर महत्वपूर्ण होता है, जबकि 12वीं बोर्ड के अंक भी विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य के लिहाज से अहम हैं। ऐसे में छात्र नहीं चाहते कि तारीखों के टकराव के कारण उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर जाए।

विद्यार्थियों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) से परीक्षा कार्यक्रम में तालमेल बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि दोनों एजेंसियों को तारीखें निर्धारित करते समय उन विद्यार्थियों का ध्यान रखना चाहिए, जो एक साथ बोर्ड और JEE मेन की परीक्षा में शामिल होते हैं।

छात्र चाहते हैं कि दोनों परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतर रखा जाए, ताकि उन्हें तैयारी और रिवीजन का मौका मिल सके। फिलहाल सभी की नजर JEE मेन सेशन-2 के आधिकारिक शेड्यूल पर है।