स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही! युवक की कमर में फंसा रहा 3 इंच का चाकू, टांके लगाकर भेजा, 7 दिन बाद हुआ खुलासा

whatsapp-image-2026-11-23-at-10.47.31-am

राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। चाकूबाजी में घायल 22 वर्षीय युवक की कमर में करीब तीन इंच लंबा चाकू का टुकड़ा धंसा रह गया, लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इसकी पहचान किए बिना ही उसके घाव पर टांके लगा दिए गए। युवक सात दिनों तक दर्द से परेशान रहा। आखिरकार एक्सरे जांच में शरीर के अंदर धातु का टुकड़ा होने का पता चला। इसके बाद निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर चाकू का टुकड़ा निकाला गया। फिलहाल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 10 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे डोंगरगढ़ में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई थी। इस दौरान युवाओं के दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी शुरू हो गई। इस घटना में विवेक साहू और 24 वर्षीय टिल्लू मांडवी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। बताया गया कि उस समय मेडिकल ऑफिसर डॉ. योगेश कन्नौजे ड्यूटी पर थे। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चारभाठा में पदस्थ ड्रेसर आशीष बंजारे ने विवेक के घाव की ड्रेसिंग कर टांके लगाए। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद भी विवेक की तकलीफ कम नहीं हुई। उसकी कमर में लगातार दर्द बना रहा। परिजनों के अनुसार, दवाइयां लेने के बावजूद उसे राहत नहीं मिली और परेशानी बढ़ती चली गई।

इसके बाद 18 नवंबर को परिजनों ने युवक का एक्सरे कराया। जांच रिपोर्ट में पता चला कि उसकी कमर के भीतर करीब तीन इंच लंबा चाकू का टुकड़ा फंसा हुआ है। यह जानकारी सामने आते ही परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद ऑपरेशन किया और शल्य चिकित्सा के जरिए कमर में फंसे धातु के टुकड़े को बाहर निकाल दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

मामले का खुलासा होने के बाद घायल विवेक के पिता संजय साहू ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने चाकूबाजी की घटना को लेकर कार्रवाई शुरू की।

डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक के मुताबिक, मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इस घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किए गए शुरुआती उपचार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिरकार युवक की कमर में चाकू का टुकड़ा फंसा होने के बावजूद इसका पता क्यों नहीं चल पाया? क्या टांके लगाने से पहले जरूरी जांच की गई थी? सात दिनों तक युवक दर्द से परेशान क्यों रहा?

एसडीओपी केसरी नंदन नायक के अनुसार, सरकारी अस्पताल के डॉक्टर और ड्रेसर की कथित लापरवाही से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उपचार के दौरान कहां चूक हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।