रायपुर समेत देश के 22 शहरों को मिलेंगे 5-5 हजार करोड़ रुपये, ड्रेनेज और पेयजल व्यवस्था होगी दुरुस्त

download

रायपुर। बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से जूझने वाले शहरों के लिए राहत भरी खबर है। देश के बड़े शहरों में ड्रेनेज, सीवरेज और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार विशेष वित्तीय सहायता देने की तैयारी कर रही है। इसके तहत छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत देश के 22 शहरों को इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए बड़ी राशि मिलेगी।

जानकारी के मुताबिक, इस योजना में छत्तीसगढ़ के रायपुर के अलावा मध्यप्रदेश के भोपाल और इंदौर सहित अलग-अलग राज्यों के कुल 22 शहरों को शामिल किया गया है। केंद्र सरकार 16वें वित्त आयोग के विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर घटक के तहत इन शहरों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आर्थिक मदद देगी।

16वें वित्त आयोग ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक शहरी स्थानीय निकायों के लिए कुल 3.56 लाख करोड़ रुपये की ग्रांट देने की सिफारिश की है। इसी व्यवस्था के तहत शहरों में ड्रेनेज, सीवेज और पेयजल नेटवर्क के विस्तार पर जोर दिया जाएगा।

योजना के तहत परियोजना की कुल लागत का 60 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार अनुदान के रूप में देगी। शेष 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार और संबंधित नगर निगम को अपने संसाधनों, कर्ज या बॉन्ड के जरिए जुटानी होगी।

इस 40 प्रतिशत हिस्से की व्यवस्था के लिए 16वें वित्त आयोग से मिलने वाली दूसरी ग्रांट का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। परियोजना शुरू करने से पहले नगर निगम को शहर की जरूरतों का आकलन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और एक्शन प्लान तैयार करना होगा। इसके बाद राज्य और केंद्र सरकार से मंजूरी लेनी होगी।

परियोजना के लिए स्वीकृत राशि चार चरणों में जारी की जाएगी।

  • पहली किस्त: केंद्र, राज्य सरकार और नगर निगम के बीच त्रिपक्षीय समझौता होने के बाद जारी होगी।

  • दूसरी किस्त: पहली किस्त की 75 प्रतिशत राशि खर्च होने और 10 प्रतिशत भौतिक प्रगति हासिल करने पर मिलेगी।

  • तीसरी किस्त: 75 प्रतिशत राशि खर्च होने और परियोजना का 50 प्रतिशत काम पूरा होने पर जारी होगी।

  • चौथी किस्त: परियोजना का पूरा काम समाप्त होने के बाद दी जाएगी।

निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए जियो टैगिंग और जियो फेंसिंग अनिवार्य होगी। केंद्र से राशि मिलने के बाद राज्य के वित्त विभाग को 10 कार्य दिवस के भीतर नगर निगम को पैसा जारी करना होगा। तय समय में राशि नहीं देने पर ब्याज का भी प्रावधान रखा गया है।

इस योजना के तहत अलग-अलग राज्यों के इन शहरों का चयन किया गया है।

राज्य चयनित शहर
छत्तीसगढ़ रायपुर
मध्यप्रदेश भोपाल, इंदौर
उत्तर प्रदेश लखनऊ, कानपुर
महाराष्ट्र पुणे, नागपुर
राजस्थान जयपुर, जोधपुर
गुजरात वडोदरा, राजकोट
आंध्र प्रदेश विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा
पंजाब लुधियाना, अमृतसर
झारखंड धनबाद, रांची
तमिलनाडु कोयंबटूर, मदुरै
बिहार पटना
हरियाणा फरीदाबाद
पश्चिम बंगाल हावड़ा

इस योजना के लागू होने से रायपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में जल निकासी, सीवरेज और पेयजल की सुविधाओं को विस्तार देने में मदद मिलने की उम्मीद है। खासकर बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बेहतर ड्रेनेज नेटवर्क तैयार किया जा सकेगा।

रीसेंट पोस्ट्स