बेमेतरा में चाकू दिखाकर 10वीं की छात्रा को धमकाया, कैंची से काट दी चोटी; डर के कारण गांव की बच्चियों ने छोड़ा स्कूल जाना

बेमेतरा : बेमेतरा जिले में स्कूली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। थानखम्हरिया थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 10वीं कक्षा की छात्रा को एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू दिखाकर डराया और कैंची से उसकी चोटी काट दी। घटना के बाद से पीड़िता और गांव की अन्य बच्चियां दहशत में हैं। डर के चलते अगले दिन कई बच्चियां स्कूल भी नहीं गईं।
जानकारी के मुताबिक, उमराव नगर गांव के करीब 30 से 35 छात्र-छात्राएं रोजाना पढ़ाई के लिए कोपेडबरी स्थित शासकीय स्कूल जाते हैं। शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद एक छात्रा घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि युवक ने छात्रा को चाकू दिखाकर धमकाया और उसके दोनों हाथ पकड़ लिए। इसके बाद कैंची से उसकी चोटी काट दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। डरी-सहमी छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
इस घटना का असर सिर्फ पीड़ित छात्रा तक सीमित नहीं रहा। वारदात की जानकारी मिलने के बाद गांव की अन्य बच्चियां भी डर गईं। हालात ऐसे बने कि अगले दिन कई छात्राएं स्कूल जाने की हिम्मत नहीं जुटा सकीं। इससे बच्चों की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई को लेकर भी अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
घटना से नाराज पीड़िता के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण थानखम्हरिया थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीण पीलू वर्मा ने बताया कि उनके क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। स्कूल आने-जाने के रास्ते में हुई इस वारदात ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना के दो दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ और तथ्यों के आधार पर उचित धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
