स्कूल बस में घुसकर ड्राइवर से मारपीट, बस में बैठे बच्चे सहमे; आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

FIR

दुर्ग : दुर्ग जिले में स्कूल बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बस मोड़ने के दौरान कोई हादसा नहीं होने के बावजूद एक बाइक सवार ने स्कूल बस में घुसकर चालक के साथ मारपीट कर दी। घटना के समय बस में स्कूली बच्चे भी मौजूद थे। अचानक हुई इस घटना से बच्चे बुरी तरह डर गए। स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, डीएवी पब्लिक स्कूल हुडको, भिलाई के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज राजेंद्र कुमार अहीरवाल ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि स्कूल बस का संचालन रिलायंस ट्रैवल्स द्वारा किया जाता है। 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:50 बजे बस क्रमांक CG 07 BW 5792 को चालक जय ठाकुर आदित्य नगर स्थित अंबे दुकान के पास मोड़ रहा था।

इसी दौरान एक बाइक सवार वहां पहुंचा। शिकायत के अनुसार, बस और बाइक के बीच किसी तरह की टक्कर या दुर्घटना नहीं हुई थी। इसके बावजूद बाइक सवार ने अपना वाहन रोका और जबरन स्कूल बस के अंदर घुस गया। इसके बाद उसने चालक जय ठाकुर के साथ मारपीट की, जिससे चालक को चोटें आईं।

घटना के वक्त बस में कई स्कूली बच्चे सवार थे। अचानक बस के अंदर हुई मारपीट से बच्चे घबरा गए। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल असर डाल सकती हैं। प्रबंधन ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

स्कूल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी वसीम अली के खिलाफ अपराध क्रमांक 0856/26 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

रीसेंट पोस्ट्स