छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: गोदनामे से जमीन पर मालिकाना हक का दावा करने वालों को झटका, कहा- सिविल कोर्ट में तय होगा अधिकार

जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की सिंगल बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि इस मामले में दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना अधिकार जता रहे हैं। इतना ही नहीं, संपत्ति को तीसरे पक्षों के पक्ष में बेचने से जुड़े दस्तावेज भी मौजूद हैं। ऐसे में मालिकाना हक का निर्धारण रिट याचिका के दायरे में नहीं किया जा सकता।
पूरा मामला धमतरी जिले की जमीन से जुड़ा है। याचिकाकर्ता संतोष तिवारी के पिता और उनकी बुआ स्वर्गीय भगवंतिन बाई की संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया था। राजनांदगांव निवासी शुभेंद्र कुमार शर्मा ने 9 जून 1997 को तैयार किए गए गोदनामे के आधार पर भगवंतिन बाई की जमीन पर अपना अधिकार जताया था।
इसके बाद जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला धीरे-धीरे राजस्व अदालतों तक पहुंचा, जहां अलग-अलग स्तर पर फैसले भी हुए।
हाईकोर्ट ने राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने यानी नामांतरण की कानूनी स्थिति पर भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि राजस्व अभिलेखों में नामांतरण का उद्देश्य केवल राजस्व वसूली से जुड़ा होता है।
किसी व्यक्ति का नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज हो जाने मात्र से उसे जमीन का मालिकाना हक नहीं मिल जाता। इसी तरह नामांतरण की प्रक्रिया से किसी व्यक्ति के संपत्ति संबंधी अधिकार न तो पैदा होते हैं और न ही समाप्त होते हैं। वास्तविक स्वामित्व का निर्धारण संबंधित दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर दीवानी अदालत में किया जाएगा।
इस विवाद में पहले राजस्व अदालतों के अलग-अलग आदेश सामने आए थे। सुनवाई के बाद राजस्व अनुविभागीय अधिकारी ने संतोष तिवारी की अपील खारिज कर दी थी। इसके बाद अतिरिक्त आयुक्त, रायपुर संभाग ने 22 जून 2021 को दूसरी अपील स्वीकार करते हुए नामांतरण का आदेश निरस्त कर दिया था।
हालांकि, 22 दिसंबर 2021 को राजस्व मंडल ने अतिरिक्त आयुक्त के आदेश को पलट दिया और तहसीलदार के नामांतरण आदेश को बहाल कर दिया। इसके बाद संतोष तिवारी ने राजस्व मंडल के इसी फैसले को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
हाईकोर्ट ने मामले में स्पष्ट किया कि राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने का सवाल और संपत्ति के वास्तविक मालिकाना हक का विवाद अलग-अलग विषय हैं। मालिकाना हक का अंतिम निर्णय सक्षम दीवानी अदालत में ही होगा।
