छत्तीसगढ़ में 1 दिसंबर से बदल जाएगी सरकारी टेंडर प्रक्रिया, सभी विभागों के लिए GePNIC पोर्टल अनिवार्य

नई व्यवस्था के तहत टेंडर जारी करने से लेकर ठेकेदारों की ऑनलाइन बोली प्राप्त करने और उसके तकनीकी व वित्तीय मूल्यांकन तक की पूरी प्रक्रिया एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगी। इससे निविदा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले सरकारी टेंडर की प्रक्रिया के लिए जेम पोर्टल का भी इस्तेमाल किया जाता रहा है।
छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग (PWD) ने ई-टेंडरिंग प्रणाली में बदलाव करते हुए 1 अक्टूबर 2026 से सभी नई निविदाएं GePNIC पोर्टल पर जारी करना शुरू कर दिया था। इसके लिए विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ वीके भटपहरी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को पत्र जारी कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए थे।
विभाग ने ठेकेदारों के लिए नए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य किया था। साथ ही नई व्यवस्था को समझने और उसका इस्तेमाल करने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई थी। अब इसी मॉडल को 1 दिसंबर से प्रदेश के सभी सरकारी विभागों में लागू किया जाएगा।
GePNIC पोर्टल लागू होने के बाद सरकारी निविदाओं से जुड़ा काम एक ही प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। इसमें टेंडर जारी करने के साथ-साथ बोली प्राप्त करने और उनके मूल्यांकन की प्रक्रिया भी ऑनलाइन होगी।
नई व्यवस्था में ये काम होंगे ऑनलाइन:
-
टेंडर तैयार करना और प्रकाशित करना।
-
निविदा से जुड़े दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध कराना।
-
ठेकेदारों से ऑनलाइन बिड प्राप्त करना।
-
तकनीकी बोली की जांच और मूल्यांकन।
-
वित्तीय बोली का मूल्यांकन।
-
निविदा से संबंधित आगे की विभागीय कार्यवाही।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सरकारी टेंडरों में हिस्सा लेने वाले ठेकेदारों और कंपनियों को GePNIC पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। जिन ठेकेदारों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इसके अलावा डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) और अन्य तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करना भी जरूरी होगा। PWD में नई व्यवस्था लागू करते समय ठेकेदारों को पोर्टल पर एनरोलमेंट कराने के निर्देश दिए गए थे। अब सभी विभागों में टेंडर प्रक्रिया इसी पोर्टल से संचालित होने के कारण ठेकेदारों को नई प्रणाली के अनुरूप तैयारी करनी होगी।
नई ई-टेंडरिंग व्यवस्था का असर केवल ठेकेदारों पर ही नहीं पड़ेगा, बल्कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी तकनीकी रूप से तैयार रहना होगा। इसके लिए अधिकारियों की यूजर आईडी बनाना, अलग-अलग जिम्मेदारियों के अनुसार रोल मैपिंग करना और डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
PWD में पहले ही टेंडर आमंत्रित करने वाले अधिकारियों, तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन समितियों और संबंधित कर्मचारियों को इन प्रक्रियाओं को पूरा करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
पुरानी और नई व्यवस्था के बीच बदलाव को लेकर PWD ने पहले ही दिशा-निर्देश जारी किए थे। इनके मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक पुराने ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर प्रकाशित निविदाओं की बोली प्राप्त करने, मूल्यांकन, स्वीकृति और अन्य लंबित प्रक्रियाएं 31 मार्च 2027 तक पुराने पोर्टल पर ही पूरी की जाएंगी।
हालांकि, यह व्यवस्था PWD की पुरानी निविदाओं के लिए जारी निर्देशों पर आधारित है। अन्य विभागों में पहले से जारी टेंडरों को लेकर विभागवार स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
GePNIC यानी Government e-Procurement System को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) ने विकसित किया है। यह केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करता है। इस पोर्टल के माध्यम से सरकारी विभाग और संस्थाएं वस्तुओं की खरीद, सेवाओं और निर्माण कार्यों से संबंधित निविदाएं ऑनलाइन जारी कर सकती हैं।
इस प्रणाली का उद्देश्य सरकारी खरीद और ठेकों की प्रक्रिया को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना है, ताकि टेंडर जारी करने से लेकर बोली के मूल्यांकन तक के काम ऑनलाइन और व्यवस्थित तरीके से पूरे किए जा सकें।
