रेलवे की टिकट चेकिंग में 325 यात्री पकड़ाए, बिना टिकट सफर करने वालों से वसूले 2.92 लाख रुपये

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग और रायपुर स्टेशन पर नाका चेकिंग का विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे ने कुल 325 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का जुर्माना वसूला।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत भाटापारा और रायपुर रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों पर जांच की गई। इसके अलावा 16 ट्रेनों में भी यात्रियों के टिकट चेक किए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे ने नियमानुसार कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सबसे ज्यादा मामले बिना टिकट यात्रा करने वालों के सामने आए। रेलवे ने ऐसे 207 यात्रियों को पकड़ा और उनसे 2 लाख 14 हजार 635 रुपये जुर्माना वसूला। वहीं, अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 102 यात्रियों से 74 हजार 800 रुपये की वसूली की गई।
इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक सामान लेकर चलने वाले 15 यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए 2 हजार 170 रुपये वसूले गए। अन्य एक मामले में 435 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इस तरह कुल 325 मामलों में रेलवे को 2 लाख 92 हजार 40 रुपये की आय हुई।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक-1 कोचिंग राजेश कुमार साह और मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टिकट चेकिंग ने किया। अभियान में 20 टिकट चेकिंग कर्मचारियों की टीम शामिल रही, जिसने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन जांच की।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सफर के दौरान वैध टिकट रखने और निर्धारित श्रेणी के कोच में ही यात्रा करने की अपील की है। साथ ही स्टेशन परिसर में प्रवेश से पहले प्लेटफॉर्म टिकट लेने, निर्धारित सीमा से अधिक सामान की नियमानुसार बुकिंग कराने और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की सलाह दी है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने और यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह के विशेष टिकट चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
