छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज! सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड, दिन में खिली रहेगी धूप

mausam

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में धूप के कारण हल्की गर्माहट बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। राहत की बात यह है कि अगले सात दिनों तक प्रदेश के किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान साफ रहने और अच्छी धूप निकलने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम अनुकूल रहने के कारण लोगों को बारिश या किसी अन्य मौसमी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान का मिला-जुला असर देखने को मिला। दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

28 नवंबर 2026 को प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान का अनुमान इस प्रकार है:

  • रायपुर: अधिकतम 30°C, न्यूनतम 16°C

  • बिलासपुर: अधिकतम 29°C, न्यूनतम 15°C

  • दुर्ग: अधिकतम 29°C, न्यूनतम 16°C

  • राजनांदगांव: अधिकतम 28°C, न्यूनतम 15°C

  • पेंड्रा रोड: अधिकतम 27°C, न्यूनतम 11°C

  • अंबिकापुर: अधिकतम 25°C, न्यूनतम 10°C

  • सूरजपुर: अधिकतम 25°C, न्यूनतम 11°C

  • जगदलपुर: अधिकतम 29°C, न्यूनतम 14°C

मौसम विभाग के मुताबिक 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है और न ही किसी जिले के लिए अलर्ट जारी किया गया है। दिन में धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड का सिलसिला जारी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा दक्षिणी गंगीय पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों के पास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। हालांकि, इस मौसमी सिस्टम का फिलहाल छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई बड़ा प्रभाव पड़ने का अनुमान नहीं है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा।

रीसेंट पोस्ट्स