राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे में घायल, हाथ में फ्रैक्चर; AIIMS में भर्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ की BJP राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल हो गई हैं। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। उन्हें इलाज के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में उनके वाहन चालक को भी सीने और हाथ में चोटें आई हैं। घटना के बाद खरोरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं। इसी दौरान रायपुर-खरोरा मार्ग पर उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त वाहन में कुल चार लोग सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सांसद की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ समय पहले इसी मार्ग पर कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हुई थी। बताया जा रहा है कि कार रायपुर से खरोरा की ओर जा रही थी, जबकि ट्रैक्टर खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।
इस घटना के कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रही सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी भी हादसे का शिकार हो गई। हालांकि, कार और ट्रैक्टर की टक्कर का सांसद की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
हादसे में लक्ष्मी वर्मा के हाथ में चोट आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर AIIMS में भर्ती कराया गया है।
वहीं, उनके वाहन चालक को सीने और हाथ में चोटें आई हैं। दुर्घटना में घायल अन्य लोगों को उपचार के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। फिलहाल सांसद का इलाज जारी है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल की विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल सांसद लक्ष्मी वर्मा का रायपुर AIIMS में उपचार जारी है।
