दुबई से भारत लाया गया शराब घोटाले का फंड मैनेजर सुब्बू, 30 नवंबर तक EOW की रिमांड पर; अनवर ढेबर का करीबी है आरोपी

शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे विकास को रायपुर की रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। ACB-EOW ने उससे पूछताछ के लिए रिमांड मांगी, जिस पर कोर्ट ने 30 नवंबर तक एजेंसी को उसकी रिमांड सौंप दी। रात करीब 12:33 बजे अधिकारी उसे लेकर EOW कार्यालय पहुंचे। सोमवार को उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विकास अग्रवाल लंबे समय से भारत से बाहर UAE में रह रहा था। छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके आधार पर UAE की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया। बाद में CBI ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई और उसे भारत लाया गया।
कोर्ट में विकास की ओर से अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने पक्ष रखा। उन्होंने भारत-UAE प्रत्यर्पण संधि का हवाला देते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ उसी अपराध में कार्रवाई होनी चाहिए, जिसके आधार पर उसे भारत लाया गया है। बचाव पक्ष ने प्रत्यर्पण से जुड़े दस्तावेज मांगे और पूछताछ के दौरान मानवाधिकारों का ध्यान रखने की मांग की। हालांकि, दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने EOW की रिमांड मंजूर कर दी।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में कमीशन की रकम का हिसाब-किताब और लेनदेन संभालता था। वह अनवर ढेबर के बेहद करीब था और नेटवर्क में किससे कितनी रकम लेनी है और किसे कितनी देनी है, इसकी व्यवस्था देखता था। एजेंसियों के मुताबिक, 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में गड़बड़ियों के कारण सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ।
विकास के खिलाफ 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। नवंबर 2024 में इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल की गई थी। बताया जाता है कि UAE में वह बोस्टन कंसल्टिंग नाम की कंपनी में मैनेजर के पद पर काम कर रहा था। अब EOW उससे शराब सिंडिकेट के वित्तीय लेनदेन और कथित कमीशन नेटवर्क से जुड़े सवालों पर पूछताछ करेगी।
