बैलाडीला में खनन से जंगलों को भारी नुकसान: 100 फीट ऊंचे पेड़ भी खतरे में, NMDC के GM पर FIR; 7 करोड़ तक जुर्माने की तैयारी

ped katai

रायपुर : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले की बैलाडीला पहाड़ियों में खनन गतिविधियों से जंगलों को भारी नुकसान पहुंचने का मामला सामने आया है। डिपॉजिट-14 में आयरन ओर की खुदाई से निकला मलबा आसपास के वन क्षेत्र में फैल गया है। इसकी चपेट में छोटे पौधों से लेकर बड़े पेड़ तक आ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने NMDC के महाप्रबंधक (GM) के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज किया है।

वन विभाग के शुरुआती आकलन के मुताबिक, जंगलों को हुए नुकसान के लिए NMDC पर 6 से 7 करोड़ रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा, पुराने मामले में हुई वन संपदा की क्षति की भरपाई के लिए करीब 10 करोड़ रुपए वसूलने की तैयारी भी की जा रही है।

बैलाडीला की पहाड़ियों में डिपॉजिट-14 के आसपास खनन से निकला मलबा लगातार वन क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। शुरुआत में इसका फैलाव करीब 500 मीटर तक था, लेकिन अब यह लगभग 3 किलोमीटर तक पहुंच गया है। कई स्थानों पर मलबे की चौड़ाई करीब 150 मीटर बताई जा रही है।

इसकी वजह से जंगल की जमीन और बड़ी संख्या में पेड़-पौधे प्रभावित हुए हैं। छोटे पौधों के साथ करीब 100 फीट तक ऊंचे पेड़ों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

वन विभाग का शुरुआती अनुमान है कि इस बार वन संपदा को 4 अगस्त 2024 को डिपॉजिट-11सी में हुई घटना के मुकाबले करीब 10 गुना अधिक नुकसान हुआ है।

मामले में वन विभाग ने NMDC के महाप्रबंधक के खिलाफ वन अपराध प्रकरण (OR) दर्ज किया है। अब प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा। इसमें मलबे से प्रभावित जंगल का क्षेत्रफल, क्षतिग्रस्त पेड़ों की संख्या और वन भूमि को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा।

विभाग के मुताबिक, सर्वे पूरा होने के बाद ही क्षतिपूर्ति की अंतिम राशि तय होगी। फिलहाल शुरुआती आकलन के आधार पर 6 से 7 करोड़ रुपए तक की वसूली की संभावना जताई जा रही है।

वन विभाग डिपॉजिट-11सी में हुए पुराने नुकसान को लेकर भी कार्रवाई कर रहा है। करीब 7 साल पहले इस क्षेत्र में लगभग 3 हेक्टेयर जंगल प्रभावित हुआ था। अब इसकी भरपाई के लिए करीब 10 करोड़ रुपए वसूलने की तैयारी है।

इस संबंध में NMDC को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। विभाग का उद्देश्य वन संपदा को हुए नुकसान की भरपाई कराना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है।

डिपॉजिट-14 मामले में वन अधिनियम की धारा 26(1) के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रावधान के अंतर्गत जंगल को नुकसान पहुंचाने के दोषी पाए जाने पर सजा और जुर्माना दोनों का प्रावधान है।

वन विभाग फिलहाल पूरे प्रभावित क्षेत्र का Damage Assessment कर रहा है। जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और नुकसान की भरपाई की राशि निर्धारित होगी।

वन विभाग की चिंता इस बात को लेकर भी है कि मलबा अगर इसी तरह फैलता रहा तो आसपास के जंगलों को और नुकसान पहुंच सकता है। इसे रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा दीवार बनाने की तैयारी की जा रही है।

इसके साथ ही मलबे की मौजूदा स्थिति और उसके फैलाव की दिशा का भी आकलन किया जाएगा, ताकि जंगल के बाकी हिस्सों को सुरक्षित रखा जा सके।

वहीं, NMDC प्रबंधन का कहना है कि वर्ष 2024 में डिपॉजिट-11सी में हुई घटना मलबा हटाने के दौरान बने भारी दबाव और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण हुई थी। इस मामले में वन विभाग की ओर से पहले भी नोटिस मिला था।

प्रबंधन के मुताबिक, वन विभाग के साथ पत्राचार और बातचीत जारी है। NMDC ने जांच और कार्रवाई में पूरा सहयोग करने तथा जरूरी समस्याओं का समाधान करने की बात कही है।

फिलहाल, डिपॉजिट-14 में हुए नुकसान का वास्तविक आंकड़ा विस्तृत सर्वे के बाद ही सामने आएगा। वहीं, वन विभाग की प्राथमिकता मलबे के फैलाव को रोकना और प्रभावित जंगल को बचाना है।

रीसेंट पोस्ट्स