रिश्तों का कत्ल करने पर उतारू हुआ साला! जीजा को हथौड़े, ब्लेड और दांतों से किया घायल

जानकारी के मुताबिक, ग्राम मड़ई भाठापारा निवासी सुरेश कुमार सोनझरी मकान निर्माण का ठेका लेकर काम करता है। 26 नवंबर को वह निर्माण सामग्री उतरवाने के लिए ग्राम खम्हरिया में मनोज किराना दुकान के पास पहुंचा था। इसी दौरान शाम करीब पांच बजे उसका साला सुंदर लाल सोनझरी वहां आया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सुंदर लाल ने पहले हथौड़े से सुरेश के हाथ पर वार किया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ब्लेड निकालकर उसके चेहरे, ठुड्डी और गले पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि सुरेश ने जब हमले से बचने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके हाथ की उंगलियों और बाईं कोहनी के पास दांतों से काट लिया। हमले में बुरी तरह घायल सुरेश किसी तरह अपने घर पहुंचा। परिजन उसे तत्काल बलौदा अस्पताल लेकर गए, जहां उसका उपचार कराया गया। चोटें गंभीर होने के कारण वह ठीक से बोल पाने की स्थिति में भी नहीं है।
घटना के बाद पीड़ित के भाई राकेश कुमार सोनझरी ने 27 नवंबर को सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में सीपत पुलिस ने शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी सुंदर लाल सोनझरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 118(1), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
