बैंक के 93 लाख रुपये दूसरे खातों में किए ट्रांसफर, SBI के पूर्व मैनेजर को ACB-EOW ने किया गिरफ्तार

ACB बिलासपुर की टीम ने आरोपी को झारखंड के दुमका स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दुमका कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे छत्तीसगढ़ लाया गया। इसके बाद कोरबा की अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांच के मुताबिक, 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक के पद पर रहते हुए सुनील कुमार झा ने बैंक के विभिन्न खातों से कथित तौर पर 93,60,797 रुपये निकालकर अपनी पत्नी श्वेता झा, ड्राइवर रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर किए थे। इस लेनदेन से बैंक को इतनी ही राशि का आर्थिक नुकसान होने का आरोप है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस और ACB ने बैंक के कई महत्वपूर्ण खातों के रिकॉर्ड जब्त किए। इनमें टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता शामिल हैं। इसके अलावा पत्नी श्वेता झा और ड्राइवर के बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने खुद ट्रांसफर और डेबिट वाउचर तैयार किए थे। इन्हीं दस्तावेजों के जरिए बैंक की रकम दूसरे खातों में भेजी गई थी।
आरोपी के खिलाफ दस्तावेजों में हेराफेरी और भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं 13(1)(क), 13(2) के साथ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
