BSP में काम करने के दौरान महिला की मौत, अफसरों के खिलाफ केस दर्ज

भिलाई:- भिलाई स्टील प्लांट में काम करने के दौरान महिला की मौत मामले में कारखाना प्रबंधक वीरेंद्र धवन, शिफ्ट इंचार्ज रामचंद्र आडिल, सेफ्टी इंचार्ज संदीप श्रीवास्तव, पोकलेन सुपरवाइजर जे श्रीनिवास, सुपरवाइजर कमल दास मानिकपुरी और पोकलेन चालक रेवाराम मनहर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना 10 नंवबर 2020 को सुबह करीब 11 बजे एसएमएस 2 में हुई। 48 वर्षीय महिला श्यामकुंवर पति राजकुमार साहू निवासी खुर्सीपार और नीराबाई नारंग एसएमएस-2 में काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक दोनों महिलाओं के ऊपर पाइप गिर गया। इससे दोनों महिलाओं को चोट आई। दुर्घटना में महिला श्यामकुंवर को गंभीर चोट आई। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम करके जांच की। इसके बाद पुलिस ने प्रबंधक समेत 6 के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 287, 337, 338, 304ए और 34 के तहत कार्रवाई की गई। इस पूरे मामले में पुलिस जल्द आरोपियों का बयान लेगी।