Google Analytics —— Meta Pixel

राहुल गांधी के भाषण पर विवाद- भाजपा सांसद ने दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस

13

नई दिल्ली । भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर सदन में गलत बयानबाजी करने और देश को टुकड़ों में बांटने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना करने का नोटिस दिया है।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोक सभा में विपक्ष की तरफ से चर्चा की शुरूआत करते हुए बुधवार को राहुल गांधी द्वारा केंद्र और राज्यों के संबंधों पर दिए गए बयान की आलोचना करते हुए भाजपा सांसद ने लोक सभा अध्यक्ष को राहुल गांधी के खिलाफ यह नोटिस दिया है।

निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के भाषण का हवाला देते हुए कहा है कि राहुल गांधी ने संसद में केन्द्र और राज्य के संबंध में गलत बयानबाजी कर देश को तोड़ने की साजि़श की है। भारत में राज्य की सीमा संसद तय करती है विधानसभा को राज्य की सीमा निर्धारित करने का अधिकार नहीं है।

दुबे ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की मानसिकता जिन्ना के दो राष्ट्र के सिद्धांत की है। लोकसभा में दिया उनका भाषण देश को टुकड़ों में बांटने की साजिश है और इसलिए उन्होंने उनके खिलाफ लोक सभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन, गलतबयानी और सदन की अवमानना का नोटिस दिया है।

दुबे ने राहुल गांधी पर बाबा साहेब के संविधान का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह अमेरिका नहीं भारत है जिसमें राज्य, केंद्र शासित प्रदेश व नए मिले भूभाग को मिलाकर देश बना है।

राहुल गांधी को भारतीय संविधान पढ़ने की सलाह देते हुए भाजपा सांसद ने पूछा कि जब आंध्र प्रदेश को काटकर तेलंगाना बनाया गया तो उनकी केंद्र सरकार ने विधानसभा के विरोध को किस आधार पर दरकिनार कर अलग राज्य बनाया था?