प्रियंका गांधी ने जारी किया कांग्रेस का उन्नति विधान, किसानों का कर्ज माफ, 20 लाख रोजगार का वादा, पढ़िए क्या-क्या घोषणाएं हुईं?
लखनऊ। भाजपा और सपा के बाद कांग्रेस उत्तर प्रदेश चुनाव में अपना घोषणा पत्र जारी कर रही हैं। बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में उन्नति विधान घोषणा पत्र जारी करेंगी। इससे पहले कांग्रेस महिलाओं को लेकर ‘शक्ति विधान’ और युवाओं के लिए ‘भर्ती विधान’ घोषणा पत्र जारी कर चुकी है। घोषणापत्र के लोकार्पण-कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि यह जनता की इच्छाओं का सम्मान-पत्र है। उन्होंने कहा कि घर में बैठ कर नहीं बनाया गया है। लोगों के बीच जाकर इस घोषणा पत्र को तैयार किया है।
‘उन्नति विधान’ में कांग्रेस के वादे
- किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा, सरकार बनने पर 10 दिनों के अंदर ऐसा होगा।
- जिन परिवारों को कोरोना की मार सबसे ज्यादा पड़ी उन्हें 25 हजार की मदद करेंगे।
- 20 लाख नौकरियां देंगे। 12 लाख खाली पदों को भरा जाएगा। इसके साथ 8 लाख नए रोजगार के मौके उपलब्ध कराएंगे।
- बीमार होने पर लोगों को 10 लाख तक का इलाज मुफ्त होगा।
- आवारा पशुओं का नुकसान झेलने वालों को तीन हजार की मदद दी जाएगी। गोधन न्याय योजना शुरू की जाएगी। इसमें 2 रुपए किलो में गोबर खरीदा जाएगा।
- सफाई कर्मियों को नियमित किया जाएगा। आउटसोर्सिंग बंद करेंगे।
- झुग्गी वाली जमीन आपके नाम की जाएगी।
- महिला पुलिसकर्मियों को उनके गृह जनपद में पोस्टिंग होगी।
- पूर्व सैनियों के लिए एक विधानपरिषद की सीट
- पत्रकारों के खिलाफ दायर मुकदमों को खत्म करेंगे।
- ग्राम प्रधान का वेतन छह हजार महीना और चौकीदारों का वेतन पांच हजार तक बढ़ाया जाएगा।
- शिक्षकों के खाली दो लाख पदों को भरा जाएगा, एडहॉक शिक्षकों और शिक्षामित्रों का नियमितिकरण किया जाएगा।
- संस्कृत और ऊर्दू शिक्षकों के खाली पद भरे जाएंगे।
- अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा मिलेगी।
- कोरोना के दौरान जान गंवाने वाले कोरोना योद्धाओं के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।
प्रियंका का भाजपा पर निशाना
कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने भाजपा पर निशाना साधा है। ट्वीट कर कहा, ‘भाजपा को अपने “घोषणा पत्र” का नाम धोखा पत्र रखना चाहिए। 70 सालों की रट लगाने वाली भाजपा 5 सालों में अपने घोषणापत्र के 1/4 वादे भी नहीं पूरे कर पाई। न 5 सालों के काम का हिसाब, न ही भविष्य निर्माण का कोई विजन। इसलिए कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को कॉपी-पेस्ट करके अपना काम चला रही है।’