दुर्ग से सांसद बघेल और कोरबा से सरोज पाण्डेय के नाम तय!….जल्द जारी होगी भाजपा की लोकसभा की सूची

शेयर करें

भिलाई। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ की 11 सीटों के उम्मीदवार तय कर दिए हैं। गुरुवार देर रात तक चली केन्द्रीय चुनाव समिति ने देशभर के 17 राज्यों की 155 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का नाम तय कर दिया है केवल घोषणा किया जाना बाकी है। शुक्रवार देर शाम तक या शनिवार को भाजपा आलाकमान पहली सूची जारी कर सकती है। छत्तीसगढ़ के दुर्ग लोकसभा से मौजूदा सांसद विजय बघेल व कोरबा से सरोज पाण्डेय का नाम तय माना जा रहा है।

बता दें दिल्ली में गुरुवार (29 फरवरी) को भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव कमेटी (CEC) की बैठक हुई थी। इसमें 17 राज्यों की 155 लोकसभा सीटों पर देर रात तक मंथन हुआ। इस बैठक में PM मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह के अलावा छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय व डिप्टी सीएम अरुण साव शामिल रहे। बैठक से लौटने के बाद डिप्टी सीएम अरुण साव ने रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान जल्द सूची जारी होने की बात ही है। उन्होंने कहा कि 11 सीटों पर मंथन हो चुका है और जल्द नामों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें भाजपा ही जीतेगी।

यह हैं संभावित नाम
छत्तीसगढ़ के रायपुर लोकसभा से लक्ष्मी वर्मा, संजय श्रीवास्तव, केदारनाथ गुप्ता दावेदार हैं। बताया जा रहा है संजय श्रीवास्तव को यहां से चुनाव लड़ाया जा सकता है। इसी प्रकार सरगुजा से कमलभान सिंह, रामसेवक पैकरा, विजय नाथ सिंह, रामकिसुन सिंह का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। रायगढ़ से आरपी साय, सुषमा खलको, गेंदलाल कंवर व रजनी राठिया का नाम आगे हैं। जांजगीर से गुरुदयाल पाटले, कमलेश जांगड़े, वेदराम मनहरे, गुहाराम अजगले आदि के नाम सामने आए हैं। कोरबा से सरोज पाण्डेय के साथ विकास महतो का नाम भी दावेदारों शामिल हैं। बिलासपुर से मौजूदा विधायक अमर अग्रवाल, रजनीश सिंह, लखनलाल साहू का नाम आ रहा है, वहीं महासमुंद से चंदूलाल साहू व चुन्नीलाल साहू में से किसी एक को टिकट दी जा सकती है। कांकेर से भोजराज नाग, विकास मरकाम व मोहन मंडावी तथा बस्तर से रूपसिंह मंडावी, सुभाऊराम कश्यप व महेश गागड़ा के नाम प्रमुख हैं।

You cannot copy content of this page