कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने से एक रन दूर, गावस्कर-गूच का रिकॉर्ड भी खतरे में!

शेयर करें

न्यूज़रूम| भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पांचवां एवं आखिरी मुकाबला 7 मार्च (गुरुवार) से धर्मशाला में खेला जाना है| रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम पहले ही इस सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त ले चुकी है| अब उसकी कोशिश इस मुकाबले को जीतकर सीरीज 4-1 से अपने नाम करने पर होगी|

धर्मशाला टेस्ट मैच में सबकी निगाहें भारत के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल पर रहेंगी, जो कुछ बड़े रिकॉर्ड्स बनाने के करीब हैं| यशस्वी यदि इस मैच में एक रन बना लेते हैं तो वह इंग्लैंड के खिलाफ किसी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जायेंगे| फिलहाल यशस्वी 655 रनों के साथ विराट कोहली की बराबरी पर हैं|

यशस्वी जायसवाल यदि धर्मशाला टेस्ट मैच में 98 रन बना लेते हैं तो वह भारत-इंग्लैंड के बीच किसी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भी बल्लेबाज बन जाएंगे| फिलहाल ये रिकॉर्ड इंग्लिश दिग्गज ग्राहम गूच के नाम हैं, जिन्होंने 1990 की टेस्ट सीरीज में 752 रन बना दिए थे|

भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन
1. ग्राहम गूच (1990)- 3 मैच, 752 रन, 3 शतक
2. जो रूट (2021-22)- 5 मैच, 737 रन, 4 शतक
3. यशस्वी जायसवाल (2024)- 4* मैच, 655 रन, 2 शतक
4. विराट कोहली (2016)- 5 मैच, 655 रन, 2 शतक
5. माइकल वॉन (2002)- 4 मैच, 615 रन, 3 शतक

यशस्वी जायसवाल के पास पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर का 53 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका है| बता दें कि सुनील गावस्कर 774 रनों के साथ किसी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं| यानी यशस्वी धर्मशाला टेस्ट मैच में 120 रन बना लेते हैं, तो वह गावस्कर को पछाड़ किसी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे|

यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में गजब का प्रदर्शन किया है| 22 वर्षीय यशस्वी ने वाइजैग (विशाखापत्तनम) टेस्ट मैच में 209 रनों की पारी खेली थी| फिर राजकोट टेस्ट में भी इस युवा बल्लेबाज ने भारत की दूसरी पारी में 214 रन बना डाले थे| इसके बाद रांची टेस्ट मैच में भी यशस्वी ने काफी दमदार प्रदर्शन किया था|

यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के मौजूदा टेस्ट सीरीज में अब तक आठ पारियों में 93.57 के एवरेज से 655 रन बनाए हैं, जिसमें दो दोहरे शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे| इस दौरान यशस्वी का स्ट्राइक-रेट 78.63 का रहा है, जो उनकी तूफानी बैटिंग को बयां करता है| यशस्वी ने मौजूदा सीरीज में 63 चौके और 23 छक्के लगाए हैं|

You cannot copy content of this page