चुनावी प्रचार पूरे शबाब पर : जनसंपर्क के साथ चाय पर चर्चा व नुक्कड़ सभा, कांग्रेस व भाजपा दोनो पार्टियों ने झोंकी ताकत, मुकाबला हुआ दिलचस्प

शेयर करें

दुर्ग (चिन्तक)।लोक सभा चुनाव के मतदान के लिए अब लगभग एक पखवाड़े का समय शेष रह गया है। दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र से बढ़त बनाने कांग्रेस व भाजपा दोनो पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। चुनावी प्रचार पूरे शबाब में पहुंच गया है। जगह जगह झंडें होर्डिंग्स के साथ वाहनो में भी लाउडस्पीकर से प्रचार जारी है।
यहां गौरतलब है कि दुर्ग शहर विधानसभा नगर निगम के साठ वार्डो में विभाजित है। परिषद के गठन के सामय निगम में कांग्रेस के 35 व भाजपा के 25 पार्षद थे। कुछ निर्दलियों ने भी कांग्रेस व भाजपा का दामन थाम लिया है। इसलिए दोनो पार्टी के पार्षदों की संख्या बराबर है लेकिन महापौर धीरज बाकलीवाल कांग्रेस के है।

वहीं दुर्ग शहर विधानसभा में वर्तमान भाजपा के विधायक गजेन्द्र यादव है। चूंकि दोनो पार्टियों मे लोकसभा का मुख्यालय दुर्ग शहर है और दुर्ग शहर से ही पूरे क्षेत्र का संचालन हो रहा है। इसलिए दुर्ग शहर से बढ़त बनाने दोनो पार्टियां भारी जोर आजमाइश कर रही है। दोनो पार्टियों में चुनाव का संचालन संगठन द्वारा बनाई गयी लोकसभा स्तरीय कमेटी कर रही है। दोनो पार्टियों द्वारा मतदान के लिए रह गए कम समय को देखते हुए ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंचने प्रचार के नये नये तरीको का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मोदी लहर बनी भाजपा की पतवार
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी चुनावी कार्यक्रम की घोषणा से पहले ही कर चुकी है। पहले भाजपा ने लोकसभा कार्यालय खोला इसके बाद प्रत्येक विधानसभा में अपने कार्यालय खोले इसके बाद लगातार बैठक का आयोजन कर कार्यकर्ताओ को रिचार्ज किया। भाजपा के लिए मोदी लहर एक बड़ी पतवार है। जिसके सहारे नैय्या पार लगाने की कोशिश जारी है।

भाजपा प्रचार के दौैरान जनसंपर्क के साथ चाय पर चर्चा और नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर रही है। दुर्ग शहर में विधायक गजेन्द्र यादव जिला भाजपाध्यक्ष जीतेन्द्र वर्मा, उपाध्यक्ष राजेन्द्र पाध्ये, विनायक नातू, शिव चंद्राकर, अजय वर्मा, संतोष सोनी, सुरेन्द्र कौशिक, अजय तिवारी, दिनेश देवांगन गिरधर मडरिया सहित कई नेता सक्रिय है।

सामाजिक बैठक व कांग्रेस का नुक्कड़ सभा के साथ जनसंपर्क जारी

कांंग्रेस समाजिक बैठको व नुक्कड़सभा के साथ युद्धस्तर पर जनसंपर्क अभियान जारी रखे हुए है। कांग्रेस के छाया विधायक संगठन के पदाधिकारियों के साथ सक्रिय है। चूंकि कांग्रेस प्रत्याशी दुर्ग विधानसभा से ही है इसलिए उनके साथ जुड़े विभिन्न संगठन के लोग भी अपने स्तर पर सक्रिय है।

कांग्रेस में वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक अरूण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव शहर अध्यक्ष गया पटेल, ब्लाक अध्यक्ष अजय मिश्रा अलताफ अहमद, राजकुमार पाली, पूर्व महापौर आर.एन.वर्मा, पूर्व सभापति राजकुमार नारायणी, पार्षदगणों में भोला महोबिया, दीपक साहू,संंजय कोहले, युवक कांग्रेस के महासचिव संदीप वोरा आयुष शर्मा, ऋषभ जैन,महिला कांग्रेस सेवादल व एन.एस.यू.आई सक्रिय है। कांग्रेस सुबह से दोपहर के बाद शाम से देर रात तक जनसंपर्क कर रही है। महापौर धीरज बाकलीवाल देर रात्रि तक विभिन्न वार्डो में सक्रिय है जिसके कारण विधानसभा के चुनाव में जो कार्यकर्ता नही निकल पाए थे वे लोकसभा चुनाव में स्वफूर्त होकर सामने आ रहे है।

You cannot copy content of this page