भिलाई में महिन्द्रा शोरूम से निकली स्कार्पियों ने कई वाहनों को ठोका, चार घायल, हिरासत में आरोपी चालक


भिलाई। नगर निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय के सामने स्थित महिन्द्र शोरूम से निकले एक स्कॉर्पियो वाहन के चालक ने लापरवाही की सीमा पार कर दी। चालक स्कार्पियो लेकर निकला और आसपास खड़े दर्जनों वाहनों को ठोकर मार दी। इससे वाहन तो क्षतिग्रस्त हुए ही साथ चार लोग भी घायल हो गए। वाहनों को ठोकर मारने के दौरान स्कॉर्पियों के नीचे एक स्प्लेंडर वाहन फंस गया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिन्द्रा शोरूम से स्कॉर्पियो चलाते हुए युवक निकला। संभवत: गाड़ी अनियंत्रित हो गई और आसपास पार्क किए हुए वाहनों को ठोकर मारता चला गया। बाद में एक स्प्लेंडर स्कॉर्पियो के नीचे आ गया तो वह रुका। इस दौरान कुछ युवक भी स्कॉर्पियों की चपेट में आ गए। इसके कारण चार लोग घायल बताए जा रहें हैं। घटना के बाद कड़ी मशक्कत से स्कॉर्पियो को स्प्लेंडर से अलग किया गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।