Google Analytics —— Meta Pixel

सीएम साय ग्रीन स्टील और माइनिंग समिट में हुए शामिल, कहा-प्रधानमंत्री मोदी का सपना है भारत को स्टील हब बनाना

steel

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने ‘2047 तक विकसित भारत’ के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करने की दिशा में “अंजोर छत्तीसगढ़” की स्पष्ट और दूरदर्शी रूपरेखा प्रस्तुत की है। इस दिशा में कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) द्वारा रायपुर में आयोजित ग्रीन स्टील और माइनिंग समिट 2025 एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। समिट के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने छत्तीसगढ़ को देश का स्टील हब बनाने के लिए राज्य सरकार के ठोस प्रयासों और रणनीतियों को साझा किया। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजुद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन के दौरान भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) को धन्यवाद देते हुए कहा कि 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करने की दिशा में “अंजोर छत्तीसगढ़” का खाका प्रस्तुत किया है। विशेष रूप से स्टील और पावर सेक्टर पर जो केंद्रित दृष्टिकोण अपनाया गया है।

सीएम साय ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत को स्टील हब बनाया जाए। इस दिशा में छत्तीसगढ़ एक प्रमुख भागीदार के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार ने स्टील उत्पादन को बढ़ाने के लिए नई औद्योगिक नीति में विशेष प्रावधान किए हैं, जिसमें अनुदान, लॉजिस्टिक सुविधाएं और भूमि नीति शामिल हैं।

तेजी से बढ़ती रेल अधोसंरचना के माध्यम से अब प्रदेश के हर कोने को जोडऩे का कार्य प्रगति पर है। इससे कच्चे माल की ढुलाई कम लागत पर हो सकेगी और उद्योगों को मजबूती मिलेगी। आज जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती है। इसी को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रीन एनर्जी और शून्य कार्बन उत्सर्जन को लक्ष्य बनाया है। कुछ माह पूर्व आयोजित एनर्जी समिट में 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ग्रीन स्टील समिट का यह दो दिवसीय आयोजन हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीआईआई छत्तीसगढ़ के चेयरमैन संजय जैन एवं उनकी टीम इस आयोजन को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सफल बना रही है। इस आयोजन में देश-विदेश से आए विशेषज्ञ और प्रतिनिधि ग्रीन स्टील की संभावनाओं व रणनीतियों पर मंथन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हम एससीआर(स्टेट कैपिटल रीजन) का भी विकास कर रहे हैं, जिसके लिए अलग प्राधिकरण गठित किया गया है। राज्य में नई औद्योगिक पार्कों की स्थापना की जा रही है ताकि स्टील से जुड़े उद्योगों को और अधिक बढ़ावा मिल सके। मैं सभी निवेशकों, उद्योगपतियों और तकनीकी विशेषज्ञों से आह्वान करता हूं कि आइए, हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को भारत का स्टील हब बनाएं!”

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति और ग्रीन इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।