Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर हाई कोर्ट में नौकरी का सुनहरा अवसर, 35 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी

bharti

बिलासपुर। हाई कोर्ट में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छा मौका है। हाई कोर्ट ने आकस्मिकता निधि से वेतन पाने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 35 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। सफाई कर्मचारी, कुक, माली, चौकीदार, ड्राइवर, इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर, पम्प अटेन्डेन्ट जैसे पदों पर आवेदन मांगे गए हैं।

ये है आवेदन की अंतिम तिथि

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के इस भर्ती अभियान में आवेदन की अंतिम तिथि 23 अगस्त 2025 है। आवेदन केवल पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट या न्यायालय परिसर स्थित ड्रॉप बॉक्स के माध्यम से भेजे जा सकते हैं। बिना निर्धारित शर्तों को पूरा किए गए आवेदन अमान्य कर दिए जाएंगे।

आवेदन की योग्यता और शर्तें

इन पदों के लिए आवेदकों को न्यूनतम आठवीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता का शपथ पत्र निर्धारित प्रारूप में जमा करना अनिवार्य है। सामान्य और ओबीसी वर्ग के आवेदकों को यह शपथ पत्र स्टाम्प पेपर पर नोटरी से सत्यापित कराना होगा, वहीं अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लिए सादे कागज पर नोटरी का सत्यापन मान्य होगा।

आयु सीमा की बात करें तो आवेदक की आयु 01 जनवरी 2025 को 18 वर्ष से अधिक और 30 वर्ष से कम होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट दी गई है।

जानिए कौन कर सकता है आवेदन

केवल भारतीय नागरिक ही आवेदन के पात्र होंगे। साथ ही महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षण केवल छत्तीसगढ़ की मूल निवासी महिलाओं पर लागू होगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों की न्यूनतम विकलांगता 40 प्रतिशत होनी चाहिए।