Google Analytics —— Meta Pixel

भिलाई से सबसे पहले दौड़ेंगी पीएम-ई-बसें, 50 इलेक्ट्रिक बसों से होगी शुरुआत, 75 प्रतिशत काम पूरा

bus

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल्द ही इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत होने जा रही है। भारत सरकार की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश के चार प्रमुख शहरों- रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और कोरबा को ई-बस संचालन की मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत सबसे पहले भिलाई शहर से ई-बसों का संचालन शुरू किया जाएगा, जहां नेहरू नगर स्थित बस स्थानक का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

भिलाई से रायपुर सहित अन्य शहरों के लिए चलेंगी 50 ई-बसें

नेहरू नगर में बनाए जा रहे ई-बस स्थानक का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यहां बसों के लिए पार्किंग और चार्जिंग पॉइंट की व्यवस्था की जा रही है। निगम अधिकारियों के अनुसार जल्द ही शेष कार्य पूरा कर लिया जाएगा और फिर 50 मीडियम इलेक्ट्रिक बसें भिलाई से राजधानी रायपुर सहित अन्य रूटों पर दौडऩा शुरू करेंगी। लंबे समय से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में सिटी बस सेवा की मांग थी, जो अब इस योजना से पूरी होगी।

आबादी के अनुसार शहरों को मिलेंगी ई-बसें

भारत सरकार ने आबादी के आधार पर ई-बसों का वितरण तय किया है। 5 लाख से कम आबादी वाले शहरों को 50 ई-बसें मिलेंगी, जिसके तहत दुर्ग-भिलाई को 50 मीडियम ई-बसें स्वीकृत हुई हैं। रायपुर को 100 मीडियम ई-बसें, बिलासपुर को 35 मीडियम और 15 मिनी ई-बसें तथा कोरबा को 20 मीडियम व 20 मिनी ई-बसों की स्वीकृति मिली है। इससे सार्वजनिक परिवहन मजबूत होगा और लोगों को यातायात में बड़ी राहत मिलेगी।

बसों का संचालन तय किलोमीटर के आधार पर

बसों की खरीद और संचालन के लिए एजेंसी का चयन केंद्र सरकार करेगी। बसों के संचालन पर केंद्र की ओर से सहायता तय किलोमीटर के आधार पर दी जाएगी। यदि बसें तय दूरी से कम चलती हैं तो सहायता राशि भी उसी अनुपात में घटा दी जाएगी। इससे बसों की दक्षता सुनिश्चित होगी।

जल्द दौड़ेंगी ई-बसें, काम अंतिम चरण में

जनसंपर्क अधिकारी तुलेश्वर साहू ने जानकारी दी कि भिलाई में पीएम ई-बस स्थानक का कार्य लगभग 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेज़ी से पूरा करवाया जा रहा है। बसें उपलब्ध होते ही परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। यह सेवा शहरी परिवहन में क्रांति लाएगी और प्रदूषण मुक्त यातायात की दिशा में राज्य को आगे बढ़ाएगी।