Google Analytics —— Meta Pixel

एगरोल ठेला लगाने वाले दो भाईयों का अपहरण, यूपी की कार से भाग निकले आरोपी

Sep-25_1207-860x484

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में दो सगे भाईयों के अपहरण से हड़कंप मच गया है। अपहृत भाईयों में साईं नगर केम्प वन निवासी विष्णु प्रसाद साव ( 31) और शुभम प्रसाद साव ( 27) हैं। ये दोनों भाई केम्प वन के ही सुभाष चौक पर ठेला लगाकर एगरोल बेचने का काम करते हैं। यूपी पासिंग आर्टिका वाहन में आए तीन से चार लोगों ने एगरोल ठेला के पास से गुरुवार की रात लगभग 8 बजे दोनों भाइयों का अपहरण कर लिया है। वारदात के 18 घंटे बाद अपहरण करने वाले आरोपी और अपहृत भाईयों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। फिलहाल छावनी थाना पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात 8 बजे के आसपास सुभाष चौक केम्प वन में विष्णु प्रसाद साव और उसका छोटा भाई शुभम प्रसाद साव एगरोल ठेला पर अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान वहां पर एक आर्टिका वाहन आकर रुकी। आर्टिका से दो युवक उतरे और विष्णु प्रसाद साव का कालर पकड़कर घसीटते हुए गाड़ी के अंदर ले गए। यह देखकर शुभम प्रसाद साव पूछताछ करने लगा तो तीन से चार युवकों ने उसे भी उठाकर गाड़ी में डाल दिया और वहां से भाग निकलने में कामयाब हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आर्टिका वाहन यूपी पासिंग है। नंबर प्लेट पर कीचड़ लगा होने से वाहन का नंबर नजर नहीं आ रहा था। जिस वक्त यह घटनाक्रम हुआ, वहां पर अपहृत भाईयों का चचेरा भाई हर्ष खड़ा था। थोड़ी दूर पर उनका मामा भी मौजूद था। जानकारी होते ही मामा ने बाइक में जलेबी चौक तक पीछा किया। लेकिन आर्टिका वाहन नजरों से ओझल हो चुकी थी। उसने तत्काल छावनी थाने में भांजों के अपहरण की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है।