मानसून की वापसी का दौर शुरू: इन जिलों में बने बारिश के हालात, जानिए मौसम का हाल
रायपुर: छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून की एंट्री धमाकेदार रही। वहीं अब उसके वापसी का दौर भी शुरु हो गया है। छत्तीसगढ़ के 25 जिलों से मानसून विदा हो गया है। बचे अन्य जिलों से भी मानसून जल्द विदा हो सकता है। इसके अलावा दक्षिण छत्तीसगढ़ में अभी भी बारिश के हालात बने हुए हैं। तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा (Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega)?
दक्षिण छत्तीसगढ़ में अभी भी बारिश के हालात
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी शुरु जरूर हो गई है, लेकिन दक्षिण छत्तीसगढ़ में अभी भी बारिश के हालात बने हुए हैं। बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों से अपली की गई है कि सावधानी बरते और सतर्क रहे।
13 दिन पहले हुई थी मानसून की एंट्री
मौसम विभाग (IMD) की माने तो छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून की एंट्री धमाकेदार रही। आमतौर पर बस्तर में मानसून की एंट्री 10 जून के आसपास होती है, लेकिन इस बार 13 दिन पहले यानी कि 28 मई को ही मानसून ने बस्तर में दस्तक दे दी थी। जिसके कारण बस्तर संभाग सहित बाकी संभागों में भारी बारिश देखने को मिली है।
छत्तीसगढ़ के 25 जिलों से विदा हुआ मानसून
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी 15 अक्टूबर तक होती है। इस बार जिस तरह मानसून समय से पहले पहुंच गया। ठीक उसी तरह से अब जल्दी वापसी की ओर भी है। छत्तीसगढ़ के 25 जिलों से मानसून विदा हो गया है। इसी के साथ ही बाकी बचे 8 अन्य जिलों में भी जल्द मानसून की विदाई हो जाएगी।
छत्तीसगढ़ के 4 जिलों में बने थे बाढ़ के हालात
बता दें कि इस बार दंतेवाड़ा, बस्तर, सरगुजा और बीजापुर में भारी बारिश देखने को मिली है। इन चार जिलों में इतनी बारिश हुई कि यहां बाढ़ के हालात बन गए थे, जिसकी वजह से कई मकान ढह गए और परिवार प्रभावित भी हो गए। इस दौरान कई लोग घायल भी हुए और कई लोगों की मौत भी हो गई थी।