चेकिंग के दौरान लग्जरी कार से मिला 65 लाख कैश, 500-500 के नोटों के बंडल देख अधिकारी भी रह गए हैरान

cash-may-still-be-king-despite-p

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में चेकिंग के दौरान क्रेटा कार के अंदर से 500-500 के नोटो के बंडल जब्त किए गए। साथ ही दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पुलिस ने कार्रवाई कार नोटो के संबंध में आयकर विभाग को सूचना दे दी है। कैश के संबंध में आगे की जांच कार्रवाई आईटी विभाग के द्वारा की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ये पूरा मामला पुरूर थाना क्षेत्र का है। रोज की तरह आज भी एनएच 30 के ग्राम मरकोटोला के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान केशकाल से बालोद की तरफ आ रही सफेद रंग की क्रेटा कार को रूकवाया गया। कार की तलाशी ली गई तो उसके अंदर 500-500 के बंडल थे। साथ ही कार सवार दो युवकों को पकड़ा गया। पुलिस ने तहसीलदार और बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में नोटों की गिनती कराई। इस दौरान कुल 65 लाख नगदी जब्त की गई।

पकड़े गए संदिग्ध युवकों से नगदी के संबंध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उनके द्वारा किसी तरह का कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखाया गया। बताया जा रहा है कि नगदी किसी जमीन कारोबारी की है। फिलहाल, नगदी के संबंध में पुलिस ने आईटी विभाग को इसकी जानकारी दे दी है। अब आगे की जाँच कार्रवाई आयकर विभाग के द्वारा की जा रही है।

डीएसपी माया शर्मा ने एनपीजी.न्यूज से चर्चा में बताया कि क्रेटा कार सवार दो युवकों को पकड़ा गया है। साथ ही कार के अंदर से 65 लाख नगदी भी जब्त की गई। नगदी के संबंध में कार्रवाई कर आयकर विभाग को जानकारी दे दी गई है।