स्कूटी सवार बदमाश ने सराफा कारोबारी को बनाया निशाना, ₹1 करोड़ के गहनों से भरा बैग लेकर फरार

news_thumbnail_250kb

सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सराफा कारोबारी से 1 करोड़ की उठाईगिरी हुई है। युवक सोने-चांदी से भरा बैग लेकर भाग निकला। वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है। ज्वेलरी दुकान संचालक का नाम अरुण देव सोनी है। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।

रविवार सुबह 11:30 बजे कारोबारी अपनी स्कूटी में ज्वेलरी का बैग रखकर दुकान पहुंचा था। उसने बैग को स्कूटी के ऊपर रख दिया और ताला खोलने लगा। इस दौरान युवक पीछे से आया और बैग उठाकर फरार हो गया। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

अरुण देव सोनी की सीतापुर में नेशनल हाईवे-43 किनारे काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। रविवार सुबह वे घर से करीब एक करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात लेकर दुकान पहुंचे। उन्होंने बैग अपनी स्कूटी पर रखा और दुकान का ताला खोलने लगे।

इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और स्कूटी पर रखा जेवरात से भरा बैग उठाकर फरार हो गया। ताला खोलने के बाद जब अरुण देव सोनी स्कूटी के पास लौटे तो बैग गायब मिला। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला।

आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक युवक जेवरात से भरा बैग लेकर भागता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत सीतापुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान कर तलाश में जुटी है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस उठाईगिरी की वारदात से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत है।

अरुण देव सोनी ने बताया कि वे रोज रात में जेवरात से भरा बैग घर ले जाते थे और सुबह उसी बैग को लेकर दुकान पहुंचते थे। आशंका है कि बदमाशों ने पहले उनकी रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस को आशंका है कि इस घटना में एक से अधिक आरोपी शामिल हो सकते हैं। आरोपी किस रास्ते से फरार हुए, इसकी भी जांच की जा रही है। एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

रीसेंट पोस्ट्स