अंबिकापुर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद, BDC प्रिया सिंह ने इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ दी शिकायत

प्रिया सिंह के अनुसार, 6 सितंबर को भकुरा गांव में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था। वह करीब दो घंटे तक कार्यक्रम में मौजूद रहीं। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए। इसके बाद वह अपने घर लौट गईं।
प्रिया सिंह का कहना है कि उसी रात नवापारा निवासी दीपक राजवाड़े और करन राजवाड़े बाइक का साइलेंसर निकालकर तेज रफ्तार में गांव में घूम रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक से आयोजन समिति के एक सदस्य को टक्कर लग गई। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। आयोजन समिति की ओर से इस मामले में 7 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो ने घटना को लेकर पोस्ट किया। प्रिया सिंह का आरोप है कि सोशल मीडिया पर हुई मारपीट की घटना को उनके नाम से जोड़कर पेश किया गया। उनका दावा है कि उनके पद के दुरुपयोग को लेकर भी गलत आरोप लगाए गए और उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
BDC प्रिया सिंह ने कहा कि इन पोस्ट और आरोपों से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मारपीट की घटना से उनका कोई संबंध नहीं है।
मामले को लेकर प्रिया सिंह रविवार दोपहर अपने पति भारद्वाज और कुछ ग्रामीणों के साथ कोतवाली थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों की जांच कराने और कथित तौर पर बदनाम करने वाली पोस्ट के संबंध में कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच करने और तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, मारपीट की घटना और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी। वहीं, इस मामले में इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो का पक्ष सामने आना बाकी है।