छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 22 सितंबर से बारिश तेज; 24 को बस्तर में अति भारी बारिश का अलर्ट

प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। भैरमगढ़ में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। गंगालूर में 4 सेंटीमीटर, जबकि दुर्ग, रतनपुर, बेलगहना, बिहारपुर और पेंड्रा रोड में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। बीजापुर, चारामा, दरभा, चंद्रपुर और पुसौर समेत कई क्षेत्रों में करीब 2 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे में इसके गहरे डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह तक यह सिस्टम उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के पास पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 22 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। अगले दो से तीन दिनों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।