ओडिशा से गांजा लेकर निकला था आरोपी, रायपुर में पुलिस ने दबोचा, 22 किलो गांजा और कार समेत 13.48 लाख का माल जब्त

रायपुर। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माना कैंप थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 21.964 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 98 हजार 200 रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार समेत जब्त सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख 48 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार के जरिए ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर माना कैंप थाना पुलिस ने मछली मार्केट के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने अल्टो कार क्रमांक CG 04 NN 6018 को रोकने का इशारा किया। पुलिस का दावा है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। भागते समय कार एक अन्य वाहन और हाट बाजार के पास स्थित डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेन्द्र यादव, पिता छोटूराम यादव, निवासी वार्ड नंबर 11, डिपरापारा, ग्राम सोनासिल्ली, पिथौरा, जिला महासमुंद के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसके जवाब संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली।
कार की डिक्की में दो सफेद-पीले रंग के बैग मिले। इनमें खाकी टेप से पैक किए गए 11 पैकेट रखे थे। जांच करने पर पैकेटों में गांजा पाया गया। पुलिस ने कुल 21.964 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा से गांजा लाकर दुर्ग में खपाने के लिए ले जाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई अल्टो कार को जब्त कर लिया।
मामले में माना कैंप थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
जब्त सामग्री: 21.964 किलोग्राम गांजा, अनुमानित कीमत 10,98,200 रुपये और अल्टो कार सहित कुल जब्ती करीब 13,48,200 रुपये।