जगदलपुर में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत पर बवाल, रेप के बाद हत्या की आशंका; बाफना हाउस के बाहर प्रदर्शन

1212

जगदलपुर : जगदलपुर में बाफना हाउस के अंदर 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाया गया। वहीं, घटना के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और बाफना हाउस के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने परिसर के बाहर रखे गमलों में तोड़फोड़ भी की।

मृतका की चाची के अनुसार, अंतिम संस्कार से पहले जब शव को नहलाया जा रहा था, तब शरीर पर चोट और नोचने के निशान दिखाई दिए। उन्होंने प्राइवेट पार्ट के आसपास सूजन और रुई मिलने का भी दावा किया है। इन परिस्थितियों के आधार पर परिवार ने युवती के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, युवती 21 अक्टूबर से बाफना हाउस में काम कर रही थी। यहां कपड़े और ज्वेलरी का कारोबार होता है। परिजनों के अनुसार, यह प्रतिष्ठान पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता संतोष बाफना का है।

2 नवंबर को युवती का शव प्रतिष्ठान के अंदर मिला था। उसके गले में चुन्नी का टूटा हुआ फंदा था, जिसका एक हिस्सा लटक रहा था। घटना के बाद से ही परिजन इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं।

परिजनों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले शाम करीब 6 से 6:30 बजे युवती की फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान उसने बाद में बात करने की बात कही थी। रात करीब 9:30 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवार ने दुकान के कर्मचारियों से संपर्क किया।

इस पर कर्मचारियों ने बताया कि युवती शाम से ही लापता है और उसका मोबाइल दुकान में छूट गया है। अगले दिन परिजन दुकान पहुंचे तो वहां युवती का शव मिला।

घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान कुछ आक्रोशित लोगों ने बाफना हाउस के बाहर रखे गमलों को तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल पर फंदा टूटा हुआ था और युवती का शव जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा है।

पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पूर्व विधायक संतोष बाफना से इस मामले में उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।