AIIMS रायपुर के नाम पर 100 रुपये में डेटिंग! स्पीड डेटिंग इवेंट पर मचा बवाल, बजरंग दल ने दी विरोध की चेतावनी

रायपुर। राजधानी रायपुर में 100 रुपये की स्पीड डेटिंग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। AIIMS रायपुर के नाम से प्रचारित ORIANA कार्यक्रम की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों तक इस पर बहस छिड़ गई है। छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने आयोजन का विरोध करते हुए इसे अश्लीलता को बढ़ावा देने वाला कार्यक्रम बताया है और इसे तत्काल रद्द करने की मांग की है।
प्रचार सामग्री के मुताबिक, इस कार्यक्रम में युवाओं को महज 100 रुपये की एंट्री फीस देकर स्पीड डेटिंग में शामिल होने का मौका मिलेगा। आयोजन का फॉर्मेट भी काफी चर्चा में है, जिसमें लड़के और लड़कियां आमने-सामने बैठकर दो मिनट तक बातचीत करेंगे। समय पूरा होते ही पार्टनर बदल जाएगा और बातचीत का अगला दौर शुरू होगा।
सोशल मीडिया पर ORIANA AIIMS RAIPUR के नाम से स्पीड डेटिंग कार्यक्रम का प्रचार किया जा रहा है। इसकी जानकारी सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने आपत्ति जताई है।
संगठन का आरोप है कि इस तरह के आयोजन से रायपुर की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हो सकती है। बजरंग दल ने कार्यक्रम को अश्लीलता फैलाने वाला बताते हुए इसका विरोध किया है। संगठन का कहना है कि रायपुर में मुंबई और दिल्ली जैसी संस्कृति को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। कार्यकर्ताओं ने आयोजन को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार्यक्रम को AIIMS प्रबंधन की आधिकारिक अनुमति मिली है या नहीं। संस्थान की ओर से भी इस आयोजन से सीधे जुड़ाव को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
आयोजकों की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में 18 से 30 वर्ष की उम्र के युवा हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए किसी डेलिगेट कार्ड की आवश्यकता नहीं बताई गई है। इच्छुक प्रतिभागियों का रजिस्ट्रेशन आयोजन स्थल पर ही किए जाने की जानकारी दी गई है।
कार्यक्रम में स्पीड डेटिंग के लिए एक राउंड में 10 लड़के और 10 लड़कियों को शामिल किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को एक-दूसरे से बातचीत करने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम के निर्धारित फॉर्मेट के अनुसार:
- एक राउंड में 10 लड़के और 10 लड़कियां शामिल होंगे।
- प्रत्येक जोड़ी को बातचीत के लिए केवल 2 मिनट मिलेंगे।
- समय पूरा होने पर लड़के अपनी दाईं ओर अगली लड़की के पास चले जाएंगे।
- इसी प्रक्रिया के जरिए सभी 10 लड़के, 10 लड़कियों से बातचीत करेंगे।
- एक राउंड पूरा होने में करीब 20 मिनट लगेंगे।
इस तरह प्रतिभागियों को एक ही राउंड में 10 अलग-अलग लोगों से मिलने और बातचीत करने का अवसर मिलेगा।
स्पीड डेटिंग के सभी राउंड पूरे होने के बाद प्रतिभागियों को एक चिट दी जाएगी। इसमें उन्हें उस लड़के या लड़की का नाम लिखना होगा, जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आया।
इसके बाद सभी चिट एकत्र की जाएंगी। आयोजकों की जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा बार चुने गए लड़के और लड़की को क्रमशः ‘मोस्ट लाइक्ड बॉय’ और ‘मोस्ट लाइक्ड गर्ल’ का खिताब दिया जाएगा। सभी राउंड पूरे होने के बाद विजेताओं के नाम घोषित किए जाएंगे।
सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्टर के मुताबिक, कार्यक्रम की तारीख 18 से 21 नवंबर बताई गई है। इसके लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। प्रचार सामग्री में न्यू एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग को आयोजन स्थल बताया गया है।
नियमों के अनुसार, कोई भी प्रतिभागी एक से अधिक राउंड में हिस्सा ले सकता है। हालांकि, प्रत्येक राउंड के लिए अलग से 100 रुपये एंट्री फीस देनी होगी।
कार्यक्रम के प्रचार में AIIMS रायपुर का नाम इस्तेमाल किए जाने के बाद संस्थान की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। सबसे अहम सवाल यह है कि क्या इस आयोजन को AIIMS प्रबंधन की आधिकारिक मंजूरी मिली है या फिर यह किसी छात्र समूह की निजी पहल है?
फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल प्रचार सामग्री और बजरंग दल के विरोध के बीच आयोजन की आधिकारिक अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। AIIMS प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।
