Google Analytics —— Meta Pixel

बेकाबू हुई कोरोना की दूसरी लहर, एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 15 लाख के करीब

corona second wave

नई दिल्ली। देश में बेकाबू हुई कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कहर ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कोरोना संक्रमण के चलते देशभर के हालात भयावह हो गए हैं। कोरोना संक्रमण के मामले और मौतों की संख्या में जारी वृद्धि डरावनी तस्वीर पेश कर रही है। एक दिन में मिलने वाले संक्रमण के मरीजों का आंकड़ा गुरुवार को सर्वाधिक रिकॉर्ड दो लाख के पार पहुंच गया है। देश में पिछले 24 घंटों में दो लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 1038 मरीजों की जान चली गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 2,00,739 नए कोरोना मरीज मिले, इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,40,74,564 पहुंच गए हैं। वहीं बीते 24 घंटों में 1,038 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया, इसी के साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 1,73,123 हो गई। पिछले छह महीने में एक दिन में जान गंवाने वालों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले, पिछले साल 17 अक्तूबर को सबसे ज्यादा 1,032 लोगों की मौत हुई थी। इससे एक दिन पहले यानी बुधवार को 1.85 लाख से ज्यादा नए मरीज मिले थे और 1027 लोगों की संक्रमण से जान चली गई। महामारी के दस्तक देने से लेकर अब तक एक दिन में मिले नए कोरोना मरीजों की यह सर्वाधिक संख्या है।
14.71 लाख हुए सक्रिय मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में सक्रिय मामलों का ग्राफ बहुत तेजी से ऊपर पहुंच रहा है। पिछले 24 घंटों में 93,528 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं, इसी के साथ देश में अब तक 1,24,29,564 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या करीब आधे से भी कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 14,71,877 पहुंच गए हैं।
अब तक 11.44 करोड़ से ज्यादा लोगों को लगी वैक्सीन
देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण चल रहा है, जिसके तहत 45 साल से ऊपर वालों को भी कोविड वैक्सीन लगाई जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए 11 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच टीका उत्सव अभियान चलाया था। देश में अब तक 11,44,93,238 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
26.20 करोड़ की हुई कोरोना जांच
देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढऩे के साथ ही कोरोना जांच में भी तेजी लाई गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, देश में अब तक 26,20,03,415 नमूनों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इनमें से 13,84,549  नमूनों की जांच गुरुवार को की गई है।