Google Analytics —— Meta Pixel

ब्रैड हॉग ने की भविष्यवाणी, मुथैया मुरलीधरन के 800 विकेट के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं रविचंद्रन अश्विन

pic_credit_

नई दिल्ली:- ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिन गेंदबाज ब्रैड हॉग का मानना है कि रविचंद्रन अश्विन की गेंदबाजी बढ़ती उम्र के साथ और बेहतर होती जा रही है और वह टेस्ट क्रिकेट में 600 से ज्यादा विकेट चटका सकते हैं। हॉग ने कहा कि अश्विन के अंदर दमखम है कि वह श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के 800 टेस्ट विकेट के रिकॉर्ड को भी तोड़ सकते हैं। हॉग ने अश्विन को इस समय का विश्व का सबसे बेस्ट ऑफ स्पिनर बताया और कहा कि उन्होंने पिछले कुछ समय में अपने गेम पर काफी मेहनत की है।

टाइम्स नाऊ के साथ बातचीत करते हुए ब्रैड हॉग ने कहा, ‘अश्विन अब 34 के हो गए हैं। मुझे लगता है कि वह 42 साल की उम्र तक टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे। मेरे हिसाब से बीते समय के साथ-साथ उनकी बल्लेबाजी में गिरावट आई है, लेकिन वह गेंद से काफी घातक हो गए हैं। मैं उनको कम से कम 600 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेते हुए देखता हूं। वह मुथैया मुरलीधरन के रिकॉर्ड को भी शायद तोड़ सकते हैं। एक क्रिकेटर के तौर पर उनकी भूख और हर परिस्थितियों से तालमेल बैठाने की उनकी कला के चलते ही मुझे वह काफी दमदार नजर आते हैं। उन्होंने इंग्लैंड की कंडिशंस को समझने के लिए काउंटी क्रिकेट भी खेली थी और इसी तरह वह पिछले कुछ सालों में काफी कामयाब रहे हैं।’

ब्रैड हॉग ने अश्विन को इस समय का बेस्ट ऑफ स्पिनर बताते हुए कहा, ‘जाहिर तौर पर वह इस समय विश्व के बेस्ट ऑफ स्पिनर हैं, लेकिन नियमों और कंडिशंस में बदलाव के कारण हम उनको ऑल टाइम का महान ऑफ स्पिनर नहीं कह सकते हैं। अश्विन को कभी भी किसी कॉम्पिटिशन में हारना पसंद नहीं है। वह ऐसे गेंदबाज हैं जिसके खिलाफ आप खेलना पसंद करेंगे क्योंकि आपको पता रहेगा कि वह आपको टेस्ट करेंगे और आप भी उनको टेस्ट कर सकेंगे। मुझे लगता है कि वह क्रिकेट के मैदान पर काफी अच्छे शतरंज के खिलाड़ी हैं।’ अश्विन का प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई घरेलू टेस्ट सीरीज में लाजवाब रहा था।

रीसेंट पोस्ट्स