Google Analytics —— Meta Pixel

13 करोड़ की GST चोरी का मामला: रायपुर के हार्डवेयर कारोबारी की दुकान पर छापा

GST_001

रायपुर। रायपुर शहर के बॉम्बे मार्केट कॉम्पलेक्स की एक हार्डवेयर शॉप पर छापा मारा गया। GST डिपार्टमेंट की टीम ने यहां दबिश दी थी। देर रात तक अफसर दुकान का शटर गिराकर अंदर कंप्यूटर और दस्तावेज की जांच करते रहे। करीब 8 घंटे की जांंच के बाद अफसर यहां से लौट गए।

GST सूत्रों के मुताबिक ये छापा बॉम्बे मार्केट की सुधामा नट बोल्ट शॉप पर मारा गया। जीएसटी की टीम को इस शॉप के कारोबारी द्वारा लगभग 13 करोड़ की जीएसटी चोरी की जानकारी मिली थी। इसी की तस्दीक करने अधिकारियों ने यहां दबिश दी। अफसरों को अब तक की जांच में ये पता चला है कि कुछ दस्तावेजों के जरिए टैक्स की चोरी की गई है। करीब 8 अफसरों की टीम ने दिन भर इस दुकान में पड़ताल की। रात में शटर गिराकर जांच जारी रखी गई।

24 घंटे में दूसरी बड़ी कार्रवाई – इस कार्रवाई से पहले जीएसटी की टीम ने रायपुर से एक कारोबारी को गिरफ्तार भी किया। केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने फर्म के दो ठिकानों पर छापा मारकर 7 करोड़ 26 लाख की जीएसटी चोरी पकड़ी है। उसके बाद फर्म के एक पार्टनर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। छत्तीसगढ़ स्थित सीजीएसटी और केंद्रीय उत्पाद कार्यालय के संयुक्त आयुक्त श्रवण कुमार बंसल ने बताया, रायपुर के फाफाडीह में लालगंगा मिडास स्थित मेसर्स श्यामजी इंडस्ट्रीज के कार्यालय और दोंदेकलां में परफेक्ट धर्मकांटा के पास श्यामजी इंडस्ट्रीज के कारखाने में तलाशी ली। इस दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त हुए हैं।