दुर्ग शहर में वोरा प्रचार व जनसंपर्क से रहेंगे दूर, धीरज ने संभाला मोर्चा, पार्षदों के साथ विभिन्न वार्डो में जाकर कर रहे हैं धुआंधार जनसंपर्क

शेयर करें

दुर्ग(चिन्तक)। आगामी 7 मई को होने जा रहे लोकसभा चुनाव के लिए दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में महापौर धीरज बाकलीवाल ने पार्षदों के साथ मोर्चा संभाल लिया है। संगठन के अंंतर्गत ब्लाक अध्यक्ष महिला कांग्रेस युवक कांग्रेस व एन.एस.यू.आई. भी सक्रिय हो गई है। इसका मुख्य कारण पिछले विधानसभा के चुनाव में हुई 48 हजार मतों से हार से बनी खाई को पाटकर बढ़त बनाना है।
जानकारी के अनुसार दुर्ग लोकसभा चुनाव मेंं कांग्रेस के सामने मोदी लहर सबसे बड़ी चुनौती है। पिछले विधानसभा के चुनाव में दुर्ग शहर में कांग्रेस का विधायक होने के बावजूद भाजपा को 62 हजार मतों से बढत मिली थी। इस बार दुर्ग शहर में भाजपा का विधायक है और कांग्रेस को करारी पराजय का सामना करना पड़ा है।

वहीं दूसरी ओर भाजपा विधायक गजेन्द्र यादव ने अगले लोकसभा के चुनाव में 48 हजार से अधिक मतों से लीड का दावा किया है। चूंकि दुर्ग शहर विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र साहू के गृह नगर वाली विधानसभा है इसलिए कांग्रेस दुर्ग शहर को लेकर गंंभीर नजर आ रही है। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि इससे पहले दुर्ग शहर विधानसभा दस वर्ष से कांग्रेस का गढ़ रही है। कांग्रेस जन इसे अभी भी कांग्रेस का गढ मानते है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार पिछले विधानसभा के चुनाव में शहर की जनता ने कांग्रेस के खिलाफ नही बल्कि कांग्रेस के प्रत्याशी अरूण वोरा के खिलाफ मतदान करके नाराजगी जाहिर की है। इसलिए लोकसभा चुनाव संचालन समिति ने पूर्व विधायक अरूण वोरा को दुर्ग शहर में जनसंपर्क व प्रचार से पूरी तरह से दूर रहने के लिए कहा है।

वोरा प्रचार व जनसंपर्क से दूर है। केवल कांग्रेस भवन में बैठकों व सभा में जा रहे हैं और कांग्रेस के पक्ष में तथ्यात्मक बयान जारी करके चुनाव में अपनी मौजूदगी का अहसास करा रहे हैं। श्री वोरा सच्चे कांग्रेसी होने के नाते स्वंय नही चाहते कि उनकी वजह से पार्टी को नुकसान हो। उन्हें मालूम है कि जनता की नाराजगी के  खत्म होने में समय लगेगा।

दुर्ग कांग्रेस संगठन ने ब्लाक अध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा पूर्व महापौर आर.एन.वर्मा कर रहे हं। श्री वर्मा महिला कांग्रेस सेवादल युवक कांग्रेस व एन.एस.यू.आई की गतिविधियों पर भी नजर रखे हुए हैं। प्रोफेसनल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर के नेतृत्व में एक अलग युवा टीम काम कर रही है। प्रदेश युवक कांग्रेस के महासचिव संदीप वोरा युवक कांग्रेस की टीम के साथ सक्रिय है। वहीं निगम महापौर धीरज बाकलीवाल ने निगम के पार्षदो व छाया पार्षदों के साथ पूरे साठ वार्डो में मोर्चा संभाल लिया है और विभिन्न वार्डो मेेंं जाकर वहां के पार्षद व छाया पार्षदों के साथ सुबह से लेकर देर रात तक जनसंपर्क कर रहे हैं।

महापौर धीरज बाकलीवाल के फ्रंट में आने से पार्षदों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। निगम महापौर धीरज बाकलीवाल दुर्ग शहर विधानसभा में कई बार चुनाव में संचालन व मैनेजमेेंंट का काम कर चुके है। उन्हें पूरे वार्ड में बूथ वार कार्यकर्ताओं की जानकारी है। अपने काम व व्यवहार से पार्षदों के साथ साथ कार्यकर्ताओं में भी लोकप्रिय है। सायकल यात्रा से उन्हें शहर के लोगो का दिल जीता है। इसलिए उनके साथ जनसंपर्क में भारी तादाद में कार्यकर्ता व आमलोग शामिल हो रहे है।
बीते दिन महापौर धीरज बाकलीवाल ने दक्षिण ब्लाक के अंतर्गत आने वाले वार्डो के पार्षदगणों में दीपक साहू,ज्ञानदास बंजारे, हमीद खोखर, मनोज चंद्राकर, फत्तेसिंह भाटिया के साथ रामबसु, नीलेश चंद्राकर, मनीषा रत्नाकर,हेमा बघेल, पूर्णिमा देशमुख, संयुक्ता विश्वास, पूर्णिमा ढोलकर, सुनीता अर्शदीप साहू, निकिता मिलिन्द,लकी साहू, ईश्वर साहू, आनंदराम साहू, राकेश यादव, अमन यादव,यश बाकलीवाल, नंदू साहू, आलोक श्रीवास्तव, सहित अनेक लोग शामिल थे। इसके अतिरिक्त पार्षद संजय कोहले, दीपक साहू, अब्दुल गनी. हमीद खोखर, ऋषभ जैन, भोला महो्बिया, राजकुमार नारायणी, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू साहू, युकांध्यक्ष आयुष शर्मा,,सुमीत वोरा अपनी टीम के साथ सक्रिय है।

You cannot copy content of this page