करवा चौथ पर भूल जाएं भद्रा, गज केसरी योग में पूर्ण होगा व्रत, सलामत रहेगा सुहाग, पूजा का मिलेगा दोगुना लाभ

karvachauth

Karwa Chauth 2024 Subh Yog: करवा चौथ व्रत का एक दिन शेष है| कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि के दिन करवा चौथ का व्रत रखा जाता है| सुहागिन महिलाएं यह व्रत पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए रखती हैं| इस साल यह व्रत 20 अक्टूबर 2024 दिन रविवार को है| इस बार करवाचौथ पर गज केसरी योग पड़ रहा है| ऐसे में पूजन का दोगुना लाभ मिलेगा| साथ ही इस बार उच्च राशि का चंद्रमा होने से अक्षत सुहाग के शुभ मांगलिक योग हैं| वहीं, चंद्रोदय रविवार रात 07.56 बजे से होगा|

हिन्दू पंचांग के अनुसार, करवा चौथ पर शिव परिवार की पूजा का विधान है| इस दिन सुहागिन महिलाएं प्रातः काल से ही निर्जला व्रत रखकर संध्या के समय चन्द्रमा को अर्घ्य देती हैं| इसके बाद अपने पति का दर्शन कर जल ग्रहण करके व्रत का परायण करती हैं| इस दिन स्त्रियां एकत्रित होकर कर्क चतुर्थी व्रत की कथा का पाठ और श्रवण करती हैं| इस दिन स्त्रियों को ”मम सुखसौभाग्य पुत्रपौत्रादि सुस्थिर श्री प्राप्तये करक चतुर्थी व्रतमहं करिष्ये” का संकल्प लेकर करवा चौथ व्रत शुरू करना चाहिए|

करवाचौथ 2024 पर कैसे बना गज केसरी योग

इस बार करवा चौथ पर विशेष संयोग बन रहा है| दरअसल, करवा चौथ व्रत पर दिनभर चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृष में रहेंगे और व्रत के दिन चन्द्रमा और बृहस्पति दोनों एक ही राशि (वृष) में आ जाएंगे| ऐसा होने से गज केसरी योग बनेगा, जो अपने आप में एक बहुत शुभाशुभ परिणाम देने वाला योग है|

इस बार करवा चौथ पर लोगों में भद्रा को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है| यदि आप भी भ्रमित हैं तो इसे भूल जाएं| क्योंकि, इस बार व्रत के दौरान कोई भद्रा का साया नहीं रहेगा| आपको बता दूं कि, इस बार करवा चौथ पर भद्रा काल 19 अक्टूबर को रात 8:14 बजे से शुरू होकर सुबह 6.46 बजे तक रहेगा| यानी भद्रा का साया केवल तृतीया तिथि में रहेगा| इसलिए इसका करवाचौथ पर कोई प्रभाव नहीं है|

पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 20 अक्टूबर दिन रविवार को सुबह 6:46 बजे से शुरू होगी और यह तिथि 21 अक्टूबर को सुबह 4:16 मिनट तक रहेगी| ऐसे में उदया तिथि के मुताबिक, करवा चौथ का व्रत 20 अक्टूबर 2024 दिन रविवार को रखा जाएगा| करवा चौथ के दिन पूजा का शुभ मुहूर्त 20 अक्टूबर की शाम 5:46 बजे से लेकर शाम 7:10 बजे तक रहेगा| इस समय पूजा करना बहुत ही शुभ रहेगा|

डिस्क्लेमर- ”इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना में निहित सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्म ग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारी आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना के तहत ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।

रीसेंट पोस्ट्स